Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

खेजड़ी बचाओ आंदोलन की महाजीत: राजस्थान में अब 'राजकीय वृक्ष' पर कुल्हाड़ी चलाना होगा अपराध; सरकार ने कानून बनने तक कटाई पर लगाई पूर्ण रोक

India-1stNews



– विजय पर्व: बीकानेर में 11 दिन से जारी महापड़ाव स्थगित; राज्य मंत्री के.के. विश्नोई देर रात सरकारी आदेश लेकर पहुँचे धरना स्थल

– सोलर कंपनियों में हड़कंप: अब अवैध कटाई पर कलेक्टर करेंगे सीधी कार्रवाई; इसी विधानसभा सत्र में कानून लाएगी भजनलाल सरकार

बीकानेर, 13 फरवरी (शुक्रवार)।मरुधरा के कल्पवृक्ष 'खेजड़ी' को बचाने के लिए बीकानेर में चल रहा ऐतिहासिक आंदोलन गुरुवार देर रात अपनी मंजिल तक पहुँच गया। राज्य सरकार ने पर्यावरण प्रेमियों की मांगों को स्वीकार करते हुए पूरे प्रदेश में खेजड़ी की कटाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। शासन सचिव द्वारा जारी आदेश में सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि कानून बनने तक खेजड़ी को 'संरक्षित वृक्ष' मानकर इसकी अवैध कटाई को हर हाल में रोका जाए।

महापड़ाव स्थल पर पहुँचे मंत्री और विधायक

​गुरुवार देर रात राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, विधायक पब्बाराम और भाजपा उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई शासन सचिव का आदेश लेकर महापड़ाव स्थल पहुँचे। उन्होंने संतों और पर्यावरण प्रेमियों के बीच आदेश पढ़कर सुनाया, जिसके बाद सर्वसम्मति से आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

आदेश की मुख्य बातें: अब कलेक्टर होंगे जवाबदेह

​सरकार द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि:

  • संरक्षित वृक्ष: खेजड़ी के सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए इसे विशेष सुरक्षा दी गई है।
  • प्रभावी कार्रवाई: सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में खेजड़ी संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाएं और अवैध कटाई करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
  • जल्द बनेगा कानून: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 5 फरवरी को की गई घोषणा के अनुरूप इसी विधानसभा सत्र में 'खेजड़ी संरक्षण कानून' लाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।


सोलर कंपनियों के एजेंटों के उड़े होश

​इस आदेश के बाद उन एजेंटों और सोलर कंपनियों के दलालों में हड़कंप मच गया है, जो सौर ऊर्जा प्लांट की आड़ में मरुधरा के हरे पेड़ों को अवैध रूप से काट रहे थे। अब तक राजस्व विभाग और प्रशासन की ढील का फायदा उठा रहे इन भू-माफियाओं पर अब कलेक्टर की सीधी नज़र रहेगी।

समाज की एकजुटता की जीत

​आंदोलन के संयोजक परसराम खोखर और राम गोपाल बिश्नोई ने कहा कि यह जीत उन हजारों पर्यावरण प्रेमियों, संतों और मातृशक्ति की है जो कड़ाके की ठंड में 11 दिनों से डटे रहे। उन्होंने कहा— "सरकार ने हमारी भावना का सम्मान किया है, अब हमें सतर्क रहना होगा कि धरातल पर एक भी खेजड़ी न कटे।"



Post a Comment

0 Comments