Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर के 'रियल लाइफ हीरोज': 1 किलोमीटर दौड़कर रुकवाई मालगाड़ी, मौत के करीब पहुंचे युवक को ट्रेन के आगे से खींच लाए नागरिक

India-1stNews



– टला बड़ा हादसा: घरेलू कलह से परेशान नागौर का राजाराम पटरी पर लेटा था; दुकानदारों ने ट्रैक के सहारे दौड़कर जान पर खेल युवक को बचाया

– लोको पायलट की भी सतर्कता: लोगों का इशारा देख मालगाड़ी के ड्राइवर ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक; जागरूक नागरिकों की तत्परता ने दी नई जिंदगी

बीकानेर, 8 फरवरी (रविवार)। नोखा कस्बे में रविवार को मानवता और सूझबूझ की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली। जागरूक नागरिकों की तत्परता से नागौर रोड रेलवे लाइन पर एक युवक को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यदि स्थानीय लोग और मालगाड़ी का चालक कुछ सेकंड की भी देरी करते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

पत्नी मांग रही थी मदद, पटरी पर मौत का इंतजार कर रहा था पति

​जानकारी के अनुसार, नागौर निवासी राजाराम घरेलू विवाद के चलते मानसिक रूप से परेशान था और आत्महत्या के इरादे से नोखा में रेलवे पटरी पर पहुंच गया। उसकी पत्नी उसे बदहवास हालत में ढूंढते हुए नागौर रोड स्थित दुकानों पर पहुंची और लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी।इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी के आने का समय हो गया और राजाराम पटरी पर ट्रेन के आगे कूदने का इंतजार करने लगा।

1 किलोमीटर की दौड़ और इमरजेंसी ब्रेक

​जैसे ही दुकानदारों को खतरे का अहसास हुआ, उन्होंने बिना समय गंवाए जान की बाजी लगा दी। मांगीलाल, लक्ष्मी नारायण, भगीरथ रेगर, छात्र नेता दिनेश सारण सहित अन्य लोगों ने रेलवे पटरी के सहारे युवक का पीछा करना शुरू किया। वे करीब एक किलोमीटर तक सरपट दौड़ते रहे। एक तरफ से मालगाड़ी आ रही थी और दूसरी तरफ से लोग चिल्लाते हुए उसे बचाने दौड़ रहे थे। मालगाड़ी के लोको पायलट (चालक) ने भी ट्रैक पर हलचल और लोगों का इशारा देखकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन रोक दी। लोगों ने युवक को पटरी से खींचकर सुरक्षित पकड़ लिया।

इन 'हीरोज' की रही अहम भूमिका

​स्थानीय नागरिकों की इस बहादुरी की कस्बे में जमकर प्रशंसा हो रही है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में मांगीलाल, लक्ष्मी नारायण, भगीरथ रेगर, दिनेश सारण, मघाराम और मनीष ने मुख्य भूमिका निभाई। युवक के सकुशल पकड़े जाने के बाद उसकी पत्नी उसे समझा-बुझाकर अपने साथ ले गई। घटना के बाद मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।


Post a Comment

0 Comments