Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर में 'अग्निवीर' बनने का जुनून: सर्दी पर भारी पड़ा युवाओं का जोश; 1600 मीटर दौड़ में 600 में से 500 पास, कर्नल बोले- सिर्फ मेहनत चलेगी, सिफारिश नहीं

India-1stNews



– कृषि विश्वविद्यालय स्टेडियम में चौथा दिन: बीकानेर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं और गंगानगर के युवाओं ने दिखाया दम; 29 जनवरी से 18 फरवरी तक चलेगी भर्ती

– पारदर्शी प्रक्रिया: सूबेदार मेजर गिल की अपील- दलालों और अफवाहों से बचें, सेना में भर्ती का आधार सिर्फ 'योग्यता' है

बीकानेर, 1 फरवरी (रविवार)।बीकानेर के स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (SKRAU) के खेल स्टेडियम में चल रही सेना भर्ती रैली (अग्निवीर भर्ती वर्ष 2025-26) के चौथे दिन रविवार को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सर्द मौसम और ठंडी हवाओं के बावजूद युवाओं के हौसले हिमालय से भी ऊंचे नजर आए।

​बीकानेर, हनुमानगढ़, झुंझुनू और श्रीगंगानगर जिलों से आए युवाओं ने 1600 मीटर दौड़ में अपना पूरा दमखम झोंक दिया। सेना भर्ती इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि रविवार को करीब 600 युवाओं ने दौड़ में हिस्सा लिया, जिनमें से लगभग 500 अभ्यर्थी सफल रहे। यह सफलता दर युवाओं के अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है।

सीटी बजते ही गूंज उठा मैदान

​कर्नल कुमार ने बताया कि भर्ती का सबसे अहम चरण 1600 मीटर दौड़ होता है। जैसे ही दौड़ शुरू करने की सीटी बजी, मैदान कदमों की आवाज से गूंज उठा। युवाओं के चेहरों पर थकान के बजाय सेना की वर्दी पहनने का सपना साफ झलक रहा था। दौड़ के दौरान युवाओं ने बेहतरीन अनुशासन और शारीरिक क्षमता (Stamina) का परिचय दिया।

"सेना में भर्ती सिर्फ एक नौकरी नहीं"

​सेना भर्ती कार्यालय (ARO) झुंझुनू से आए सूबेदार मेजर बलजिंदर सिंह गिल ने युवाओं का हौसला बढ़ाया।उन्होंने कहा, "सेना में शामिल होना सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर है। चयनित होने वाले हर युवा पर देश की सुरक्षा का जिम्मा होता है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया 100% पारदर्शी और निष्पक्ष है। इसमें किसी भी तरह की सिफारिश, रिश्वत या पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं है। युवा किसी भी अफवाह या दलाल के चक्कर में न पड़ें, केवल अपनी मेहनत पर भरोसा रखें।

18 फरवरी तक चलेगा 'महाकुंभ'

​जिला प्रशासन बीकानेर और सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनू के संयुक्त तत्वावधान में यह रैली 29 जनवरी से 18 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। मैदान में अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, मेडिकल टीम, सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

0 Comments