Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर में हैवानियत: परीक्षा देने निकली मासूम की बेरहमी से हत्या, अर्धनग्न मिला शव;

India-1stNews



– रूह कंपा देने वाली वारदात: रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बालिका का मिला शव; एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

– भारी आक्रोश: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण, शव उठाने से किया इनकार; एडिशनल एसपी बोले— 'प्रथमदृष्टया रेप के बाद हत्या का मामला'

बीकानेर, 21 फरवरी (शनिवार)। बीकानेर जिले के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 13 वर्षीय मासूम छात्रा का अर्धनग्न अवस्था में झाड़ियों में शव मिला है। छात्रा शनिवार दोपहर घर से 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में ही दरिंदों ने उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और भारी आक्रोश व्याप्त है।

एग्जाम सेंटर नहीं पहुँची, तो हुआ शक

​परिजनों ने बताया कि छात्रा की परीक्षा चल रही थी। वह शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे अपनी ढाणी से पैदल स्कूल के लिए निकली थी। घर से स्कूल की दूरी करीब 2 किलोमीटर है। जब वह एग्जाम सेंटर नहीं पहुँची, तो स्कूल प्रशासन ने करीब 1:46 बजे परिजनों को फोन कर इसकी सूचना दी।

झाड़ियों में मिला अर्धनग्न शव

​स्कूल से सूचना मिलते ही परिजन उसे तलाशने निकले। घर से कुछ ही दूर सुनसान इलाके में नहर के पास झाड़ियों में मासूम का शव अर्धनग्न हालत में मिला। यह मंजर देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) कावेंद्र सिंह सागर और एडिशनल एसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुँचे।

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

​एडिशनल एसपी बनवारी लाल मीणा के अनुसार, घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथमदृष्टया यह मामला दुष्कर्म के बाद हत्या का लग रहा है। हालांकि, एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने कहा कि रेप की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया है।

शव उठाने से इनकार, ग्रामीणों का प्रदर्शन

​घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र हो गए हैं। उन्होंने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग को लेकर शव उठाने से साफ इनकार कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक अपराधियों को पकड़ा नहीं जाता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। पुलिस प्रशासन लगातार परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है।


Post a Comment

0 Comments