– सनसनीखेज आरोप: बीकानेर रोड निवासी अशोक कुमार बिश्नोई ने दर्ज कराया मामला; सुरेंद्र, रोहित, श्याम और गजेंद्र सहित मैनेजर पर धोखाधड़ी का आरोप
– जालसाजी का खेल: फर्जी दस्तावेजों के जरिए खाते से पैसे किए ट्रांसफर; 1 जनवरी 2024 से चल रहा था बैंक में 'अंधेरगर्दी' का खेल
बीकानेर, 21 फरवरी (शनिवार)। बीकानेर के नोखा थाना क्षेत्र में बैंक कर्मचारियों द्वारा ग्राहक के विश्वास का कत्ल करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। बैंक के ही जिम्मेदार कर्मचारियों ने एक महिला के खाते का इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से लोन उठा लिया और लाखों का लेनदेन कर दिया। इस संबंध में पीड़िता के पति अशोक कुमार बिश्नोई ने बैंक मैनेजर सहित चार कर्मचारियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
फर्जी हस्ताक्षर से निकाला लोन
बीकानेर रोड निवासी परिवादी अशोक कुमार बिश्नोई ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी का बैंक खाता उक्त बैंक में है। धोखाधड़ी का यह सिलसिला 1 जनवरी 2024 से शुरू हुआ जो 19 फरवरी 2026 तक लगातार चलता रहा। आरोप है कि बैंक कर्मचारी सुरेंद्र, रोहित, श्याम और गजेंद्र ने मैनेजर के साथ मिलकर उनकी पत्नी के फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोपियों ने पीड़िता के जाली हस्ताक्षर किए और बैंक से उनके नाम पर लोन पास करवा लिया।
अन्य खातों में ट्रांसफर की राशि
शिकायत के अनुसार, कर्मचारियों ने केवल लोन तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि पीड़िता के खाते से फर्जी तरीके से लेनदेन करते हुए बड़ी राशि अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी। जब अशोक कुमार को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने बैंक रिकॉर्ड खंगाले, जहाँ फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।
पुलिस की कार्रवाई
नोखा पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस अब बैंक से उन दस्तावेजों को जब्त करेगी जिन पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। साथ ही उन खातों की भी जांच की जा रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए। पीड़ित परिवार ने बैंक प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और गबन की गई राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

0 Comments