Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर से इस रेलवे रूट के लिए सर्वे किया गया शुरू, मील का पत्थर होगा साबित

India-1stNews




बीकानेर। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाली अनूपगढ़-बीकानेर रेल लाइन का सर्वे लम्बी खींचतान के बाद शुरू कर दिया गया है। सर्वे का काम वर्तमान में रेल मंत्रालय की ओर से विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा रोजड़ी व छतरगढ़ क्षेत्र में अन्तिम चरण में चल रहा है, जो जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद रेल लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए करीब दो हजार करोड़ रुपए का बजट खर्च होने का अनुमान है

गौरतलब है कि रेल मंत्रालय ने गत वर्ष अप्रेल में रेल लाइन सर्वे के लिए 75 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। इसके बाद से ही क्षेत्रवासियों की वर्षो पुरानी मांगपूरी होने की आस बंधी थी। अनूपगढ़-बीकानेर वाया छतरगढ़ रेल लाइन बिछाने की योजना करीब दो दशक से लम्बित चल रही थी। इसको लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों व जनप्रतिनिधियों की ओर से केंद्रीय रेल मंत्री, बीकानेर सांसद व केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। इससे पहले भी इस रेल लाइन का सर्वे वर्ष 2012 में करवाया था। वहीं वर्ष 2009-10 में हुए सर्वे के आधार पर बजट में शामिल करने के लिए 154.400 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने के लिए करीब 707.32 करोड़ रुपए की डीपीआर भी बनाईं गई थी, लेकिन इन योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अब केंद्र सरकार इस योजना को धरातल पर लागू करने के लिए प्रयासरत है। उम्मीद है जल्द ही खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र की जनता को रेल सेवा उपलब्ध होगी।

रेल सेवा से विकास के खुलेंगे द्वार
यदि अनूपगढ़ -बीकानेर वाया छतरगढ़ रेल लाइन बिछती है तो बी क्लास मंडी का दर्जा प्राप्त छतरगढ़ क्षेत्र एक औद्योगिक क्षेत्र बन सकता है। वही राज्य सरकार द्वारा घोषित 2022-23 बजट में सतासर में रीको औद्योगिक विकसित करने की घोषणा के मुताबिक इसका काम वर्तमान में जारी है। इससे क्षेत्र में विकास के पंख लगेंगे। साथ ही नजदीक ही महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के इस सीमावर्ती क्षेत्र की ओर के हिस्से में भी सेना को सामान रेल सेवा द्वारा लाने में बड़ी राहत मिलेगी। खाजूवाला सीमावर्ती क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जिप्सम का भंडारण होने से रेल सेवा आवश्यक है। छतरगढ़ से करीब 25 किलोमीटर दूर पर सादोलाई में सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र में भी सैनिकों की आवाजाही रहती है। इसके लिए रेल सेवा लाभकारी कारगर साबित होंगी। रेल लाइन से क्षेत्र में विकास होगा और नए रोजगार उत्पन्न होंगे ।

पूर्व रेल अधिकारी डॉ. किशनलाल इणखिया ने क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग के मद्देनजर नई रेल लाइन के संबंध में खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में जन जागरण अभियान चलाकर कई बार संबंधित रेल अधिकारियों एवं रेल मंत्रालय व केंद्र सरकार के संज्ञान में इस मामले को लाया है जिससे यह नई रेल लाइन के लिए बजट स्वीकृत हो सके।

Post a Comment

0 Comments