Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

लुधियाना में बीकानेरी दंपती से 20 लाख की सनसनीखेज लूट: बदमाशों ने सुए से किया वार, भाजपा नेता के भाई-भाभी घायल

India-1stNews



– खौफनाक वारदात: बीकानेर के गंगाशहर निवासी नवरत्न सुराणा और पत्नी रेखा पर रिवॉल्वर तानकर लूटे हीरे व सोने के जेवर

– रेकी की आशंका: मंदिर से लौटते समय बदमाशों ने स्कूटी को मारी टक्कर; केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मिले परिजन

बीकानेर/लुधियाना, 19 फरवरी (गुरुवार)।पंजाब के लुधियाना में मंगलवार रात बीकानेर (गंगाशहर) मूल के निवासी नवरत्न सुराणा और उनकी पत्नी रेखा सुराणा के साथ लूटपाट की एक रूह कपाने वाली वारदात सामने आई है। नकाबपोश लुटेरों ने न केवल दंपती से करीब 18 से 20 लाख रुपये के जेवर लूटे, बल्कि विरोध करने पर उन पर सुए (बर्फ तोड़ने वाले नुकीले औजार) से हमला कर उन्हें लहुलुहान भी कर दिया।

हादसा दिखाकर रोका रास्ता, फिर तानी रिवॉल्वर

​जानकारी के अनुसार, नवरत्न सुराणा और उनकी पत्नी स्कूटी पर सवार होकर हनुमान मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। सुंदर नगर मुख्य सड़क पर घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने जानबूझकर उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जैसे ही दंपती सड़क पर गिरे, बदमाशों ने रिवॉल्वर और धारदार हथियार दिखाकर उन्हें घेर लिया।

सुए से हमला और जेवरों की लूट

​लुटेरों ने क्रूरता दिखाते हुए रेखा सुराणा के गले से सोने की चेन और उंगलियों से हीरे व सोने की चार अंगूठियां झपट लीं। वहीं, नवरत्न सुराणा के गले से चेन और हीरे की अंगूठी भी छीन ली गई। जब दंपती ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर सुए से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके हाथों और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी उन्हें घायल अवस्था में ही सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।

बीकानेर में आक्रोश: केंद्रीय मंत्री मेघवाल से गुहार

​नवरत्न सुराणा गंगाशहर के इंद्रा चौक निवासी और भाजपा नेता मोहन सुराणा के चचेरे भाई हैं। घटना की सूचना मिलते ही बीकानेर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में भारी रोष फैल गया। परिजनों और भाजपा नेताओं ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करवाने की मांग की है।

पुलिस की जांच: रेकी का शक

​लुधियाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों ने पहले से सुराणा दंपती की रेकी की थी और उन्हें उनकी दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। फिलहाल क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि नकाबपोश लुटेरों का सुराग लग सके।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement