– सिपानियों के चौक में खौफनाक वारदात: पति बाहर गया था, अकेली पाकर पुष्पा देवी पर किया जानलेवा हमला; बेहोश होने तक पीटता रहा बदमाश
– CCTV में कैद हुआ संदिग्ध: थैला लेकर गली से निकलता दिखा युवक; लोगों में भारी आक्रोश- 'पुलिस सिर्फ लकीर पीटती है'
बीकानेर, 28 जनवरी (बुधवार)।बीकानेर के सुरक्षित माने जाने वाले अंदरूनी शहर (परकोटे) में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सबको सन्न कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिपानियों के चौक में एक बदमाश ने घर में घुसकर अकेली बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला किया।
लुटेरे ने हैवानियत की हदें पार करते हुए महिला के सीने पर बैठकर उनका गला दबाया और करीब 7 मिनट तक घर के अंदर तांडव मचाता रहा। वह महिला के शरीर से सोने के जेवर उतारकर फरार हो गया।
पति गए थे समारोह में, पीछे से आ गया लुटेरा
सिपानियों का चौक निवासी सुरेश बांठिया ने बताया की शाम 7:15 बजे की घटना: मंगलवार शाम वे एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी पुष्पा देवी अकेली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुस आया। उसने आते ही पुष्पा देवी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। वह उनके सीने पर बैठ गया और गला दबाने लगा। महिला जब अधमरी हो गई, तो बदमाश उनके गले से सोने की ठूंसी (Thusi) और हाथों से सोने की चूड़ियां उतारकर ले गया।
पत्नी को बेसुध देख घबरा गए पति
वारदात के बाद पुष्पा देवी अर्धमूर्छित होकर फर्श पर पड़ी रहीं।कुछ देर बाद जब सुरेश बांठिया घर लौटे, तो पत्नी की हालत देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पानी के छींटे मारकर उन्हें होश में लाया। होश आने पर पुष्पा देवी ने कांपती आवाज में आपबीती सुनाई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल मौके पर पहुंचीं।पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें एक संदिग्ध युवक थैला लेकर गली से तेजी से निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस हुलिए के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। इस घटना से स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। उनका कहना है कि पुलिस अपराध रोकने में नाकाम है। वारदात होने के बाद पुलिस आती है, खानापूर्ति करती है और चली जाती है। अपराधियों में खाकी का खौफ खत्म हो चुका है।

0 Comments