Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

गंगाशहर: घड़सीसर अंडरपास के पास ट्रेन की चपेट में आया अज्ञात व्यक्ति; सिर धड़ से अलग होकर गायब, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

India-1stNews



– सेवादारों ने संभाला मोर्चा: खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सदस्यों ने शव को पहुँचाया पीबीएम मोर्चरी

बीकानेर/गंगाशहर, 4 मार्च (बुधवार)। बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और वीभत्स हादसा सामने आया है। घड़सीसर अंडरपास के ऊपर रेल की पटरियों पर एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और गर्दन से ऊपर का हिस्सा (खोपड़ी) मौके से गायब मिला।

तड़के 4 बजे के आसपास की घटना

​पुलिस के अनुसार, अंदेशा है कि यह हादसा बुधवार अल-सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ होगा, जब कोई ट्रेन बीकानेर की ओर आ रही थी। पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 7 बजे मिली। जब टीम मौके पर पहुँची, तो पटरियों पर केवल मृतक का धड़ पड़ा था। काफी खोजबीन के बाद भी गर्दन से ऊपर का हिस्सा और खोपड़ी नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि सिर ट्रेन के पहियों के नीचे आकर पूरी तरह कुचल गया होगा या ट्रेन के साथ घिसटकर दूर जा गिरा होगा।

सेवाभावी संस्थाओं ने किया सहयोग

​सूचना मिलते ही बीकानेर की सक्रिय सामाजिक संस्थाएं मौके पर पहुँचीं। ख़िदमतगार ख़ादिम सोसाइटी के हाजी जाकिर, हाजी नसीम और सोयब भाई तथा असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खड़गावत, ताहिर हुसैन, मोहम्मद जुनैद खान, रमजान, मोहम्मद सत्तार और इमरान ने पुलिस की निगरानी में राहत कार्य शुरू किया। क्षत-विक्षत शव के अवशेषों को एकत्रित कर एम्बुलेंस के जरिए पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ से उसे मोर्चरी में रखवाया गया है।

शिनाख्त की कोशिश जारी

​फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह महज एक दुर्घटना है या व्यक्ति ने आत्महत्या के इरादे से ट्रेन के आगे छलांग लगाई थी। मृतक के कपड़ों और अन्य हुलिए के आधार पर आसपास के थानों और घड़सीसर क्षेत्र में शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments