– पुलिस का एक्शन: आईजी-एसपी के निर्देश पर एसएचओ कविता पूनियां ने की कार्रवाई; गणेश फील्ड इलाके में चल रहा था नशे का कारोबार
– टीम की मुस्तैदी: भाटों के बास में रेड मारकर पकड़ा तस्कर; शहर में स्मैक और एमडी के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज
बीकानेर, 3 फरवरी (मंगलवार)। बीकानेर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस अब सीधे तस्करों के ठिकानों पर चोट कर रही है। नयाशहर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो शहर के घनी आबादी वाले इलाके में एमडी (Mephedrone) ड्रग्स की सप्लाई से जुड़ा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.93 ग्राम एमडी जब्त की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह नशा कहां से लाया था और किन युवाओं को बेचने वाला था।
ठिकाने पर दी दबिश, रंगे हाथों पकड़ा
कार्रवाई की जानकारी देते हुए थानाधिकारी कविता पूनियां ने बताया की आईजी हेमंत शर्मा और एसपी कावेंद्र सिंह सागर के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गणेश फील्ड, भाटों का बास (भुट्टों का बास) इलाके में मादक पदार्थों की गतिविधि चल रही है। टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी मौके से पुलिस ने आवेश खान (पुत्र उस्मान अली, निवासी भुट्टों का बास) को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
इस टीम ने किया भंडाफोड़
नशा तस्कर को पकड़ने वाली नयाशहर थाने की टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल रहे: कविता पूनियां (थानाधिकारी), राकेश गोदारा, श्रवण सिंह, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार,राजाराम, रामकिशन, महेश कुमार पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के नेटवर्क को खंगाल रही है।

0 Comments