Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: KEM रोड पर 'अग्रवाल नमकीन' की बिल्डिंग में भीषण आग; धू-धू कर जली ऊपरी मंजिल, पास ही खड़ी फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा हादसा

India-1stNews



– व्यस्त बाजार में हड़कंप: दोपहर 12:30 बजे अचानक उठी आग की लपटें; खेजड़ी आंदोलन के कारण पास ही तैनात थी दमकल, समय रहते पहुंची

– सुरक्षा पर सवाल: होली पर भी हुआ था हादसा, फिर भी लापरवाही; पड़ोसियों में दहशत, कहा- 'हमें सबसे ज्यादा खतरा'



बीकानेर, 7 फरवरी (शनिवार)। बीकानेर के हृदय स्थल और सबसे भीड़भाड़ वाले केईएम रोड (KEM Road) पर शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसिद्ध अग्रवाल नमकीन भंडार की बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 12:30 बजे बिल्डिंग की छत से पहले काला धुआं और फिर आग की विकराल लपटें उठती देख आसपास के व्यापारियों और ग्राहकों में भगदड़ मच गई।

​राहत की बात यह रही कि खेजड़ी बचाओ आंदोलन के चलते पब्लिक पार्क में ही एक फायर ब्रिगेड तैनात थी, जो सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और आग को और फैलने से रोक लिया।

धुएं का गुबार और फिर तांडव

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग अग्रवाल नमकीन भंडार के ऊपरी हिस्से में लगी, जिसका उपयोग संभवतः नमकीन बनाने या स्टोरेज के लिए किया जाता है। आग देखकर आसपास के लोगों ने खुद पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई। घटनास्थल से महज एक किलोमीटर दूर पब्लिक पार्क में दमकल मौजूद थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर पानी की बौछारें शुरू कर दीं। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, हालांकि अभी भी बिल्डिंग से धुएं का गुबार निकल रहा है।

लापरवाही पर भड़के पड़ोसी

​आसपास रहने वाले लोगों ने इस घटना पर कड़ा रोष जताया है। पड़ोसियों का कहना है कि: पिछली बार होली के समय भी इसी जगह आग लगी थी, लेकिन उसके बाद भी सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए "हम पड़ोस में रहते हैं, आग लगने पर सबसे ज्यादा खतरा हमारे घरों को होता है। रिहायशी और व्यावसायिक मिक्स इलाके में ऐसी लापरवाही जानलेवा हो सकती है।"

कारण अभी स्पष्ट नहीं

​आग लगने के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि नमकीन बनाने के दौरान भट्टी या शॉर्ट सर्किट से यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल किसी के हताहत होने या झुलसने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान होने की आशंका है।


Post a Comment

0 Comments