– बड़ी स्ट्राइक: रसद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जम्भेश्वर नगर में दी दबिश; जसनाथ जी की बगीची के पास से पकड़ा अवैध भंडारण।
– मौके से बरामद: इंडेन, एचपी और भारत गैस के कुल 56 सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और इलेक्ट्रिक कांटा जब्त; बोलेरो पिकअप भी पुलिस के कब्जे में।
– मुख्य आरोपी: विष्णु बिश्नोई के रूप में हुई आरोपी की पहचान; रसद विभाग ने कलेक्टर न्यायालय में पेश किया परिवाद।
बीकानेर, 15 मार्च (रविवार)।बीकानेर जिला कलेक्टर के निर्देश पर रसद विभाग और पुलिस प्रशासन ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार देर रात रसद विभाग के प्रवर्तन दल ने नयाशहर पुलिस के साथ मिलकर जम्भेश्वर नगर क्षेत्र में एक बाड़े पर औचक छापेमारी की, जहाँ नियमों को ताक पर रखकर गैस का अवैध कारोबार किया जा रहा था।
बाड़े में चल रहा था 'रिफिलिंग' का काला धंधा
जिला रसद अधिकारी (DSO) नरेश शर्मा ने बताया कि जम्भेश्वर नगर स्थित जसनाथ जी की बगीची के पास एक बाड़े में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था। यहाँ से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने (रिफिलिंग) का काम बड़े पैमाने पर हो रहा था।टीम ने मौके से इंडेन के 43, भारत गैस के 11 और एचपी के 2 कुल 56 सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा एक इलेक्ट्रिक कांटा और गैस रिफिलिंग मशीन भी जब्त की गई।
पिकअप वाहन और आरोपी पर शिकंजा
कार्रवाई के दौरान अवैध गतिविधि में प्रयुक्त एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को भी जब्त किया गया है। मामले में विष्णु बिश्नोई नामक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है।जब्त सिलेंडरों को सुरक्षित रखने के लिए 'वैद्य मगाराम गैस एजेंसी' को सौंपा गया है, जबकि वाहन को नयाशहर थाने में खड़ा करवाया गया है।
कलेक्टर कोर्ट में होगी सुनवाई
डीएसओ ने स्पष्ट किया कि इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत धारा 6ए में जिला कलेक्टर न्यायालय में परिवाद पेश किया गया है। दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इस तरह का अवैध भंडारण एक बड़े बम की तरह है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

0 Comments