Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: नत्थानियों की सराय में 'महासंग्राम'; बिजली मीटर बदलने गई BKESL टीम पर हमला, पुलिस के सामने चले लात-मुक्के

India-1stNews



– भारी बवाल: मीटर बदलने और नई लाइन डालने का विरोध; धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुँचा।

– आमने-सामने की भिड़ंत: घटना के बाद मौके पर जुटे कंपनी के 150 कर्मचारी और 300 से ज्यादा स्थानीय लोग; इलाके में भारी तनाव।

– दो थानों का जाब्ता: नयाशहर और कोतवाली थाना पुलिस ने संभाला मोर्चा; 50 से अधिक जवानों ने घेरा इलाका।

बीकानेर, 12 मार्च (गुरुवार)। बीकानेर के नत्थानियों की सराय इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब निजी बिजली कंपनी (BKESL) के कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामला घरों के बिजली मीटर बदलने, नई लाइन डालने और बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई से जुड़ा था, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया।

मीटर बदलने पर भड़का आक्रोश

​जानकारी के अनुसार, बीकेईएसएल की टीम तीन गाड़ियों में सवार होकर क्षेत्र में मीटर बदलने और लाइन का कार्य करने पहुँची थी। कंपनी को इस क्षेत्र से लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। जैसे ही टीम ने कार्य शुरू किया, स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों ने घरों में घुसकर अभद्र व्यवहार किया, जिससे विवाद बढ़ गया।

पुलिस की मौजूदगी में चले मुक्के

​विवाद इतना बढ़ा कि भीड़ ने कंपनी के इंजीनियरों और कर्मचारियों को घेर लिया। पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई और जमकर मुक्के चले। सूचना मिलते ही बीकेईएसएल के करीब 150 कर्मचारी और श्रमिक भी मौके पर पहुँच गए। दूसरी ओर इलाके के 300 से ज्यादा लोग भी सड़कों पर उतर आए, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।

नयाशहर और कोतवाली पुलिस ने संभाला मोर्चा

​हालात बेकाबू होते देख नयाशहर थानाधिकारी और कोतवाली थानाधिकारी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुँचे। 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया और भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी मीटर बदलने गई टीम के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।

कंपनी का पक्ष: FIR नहीं, बातचीत जारी

​बीकेईएसएल प्रवक्ता अशोक शर्मा ने बताया कि घटना के समय अभियंता और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे। फिलहाल कंपनी की ओर से कोई एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं करवाई गई है। दोनों पक्षों के बीच समझाइश और बातचीत का दौर चल रहा है ताकि मामले को शांतिपूर्वक सुलझाया जा सके।





Post a Comment

0 Comments