— भीषण हादसा: शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे पलाना बस स्टैंड के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
— ग्रामीणों का आक्रोश: हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाते हुए बीकानेर-नोखा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
— प्रमुख मांग: ग्रामीणों ने बस स्टैंड के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर लगाने और स्थायी यातायात सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बीकानेर, 15 मई (शुक्रवार)। बीकानेर-नोखा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पलाना बस स्टैंड के पास शुक्रवार दोपहर एक गंभीर सड़क हादसा होने से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत बीकानेर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद हाईवे जाम, पुलिस से झड़प
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते हैं, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों की जान खतरे में रहती है। सूचना मिलने पर एएसआई हनुमंत सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक बार समझाइश कर जाम खुलवा दिया था, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन न मिलने पर ग्रामीणों ने दोबारा हाईवे जाम कर दिया।
स्पीड ब्रेकर की मांग पर अड़े ग्रामीण
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि पलाना बस स्टैंड पर सुरक्षा के इंतजामों को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण अब मौके पर ही स्पीड ब्रेकर बनाने की लिखित मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहाँ गति अवरोधक होते तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
भीषण गर्मी में यात्री हुए परेशान
बीकानेर-नोखा हाईवे पर जाम लगने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी के बीच फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं।


0 Comments