— नोखा रोड पर वारदात: केएमआर होटल के पास बिना नंबर की कैंपर गाड़ी आड़े लगाकर रास्ता रोका और बोला धावा।
— जीएसएस कर्मचारी पर हमला: सरुपदेसर जीएसएस में कार्यरत शिव कॉलोनी निवासी मदनलाल प्रजापत गंभीर रूप से घायल।
— लाठियों से तोड़ा पैर: आरोपियों ने लाठियों से अंधाधुंध मारपीट की; हमले में पीड़ित के बाएं पैर की हड्डी टूटी।
— दो नामजद आरोपियों पर केस: पुलिस ने सरूपदेसर निवासी सुखराम सियाग और राजेंद्र सियाग के खिलाफ दर्ज किया मामला।
बीकानेर, 06 अगस्त। बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक युवक को बीच रास्ते में घेरकर लाठियों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक के पैर की हड्डी टूट गई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंपर गाड़ी आड़े लगाकर रोका रास्ता
गंगाशहर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिव कॉलोनी निवासी मदनलाल प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि वह जीएसएस (GSS) में कर्मचारी है।
बीती 3 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह नोखा रोड पर केएमआर होटल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान एक बिना नंबर की पीली प्लेट लगी कैंपर गाड़ी अचानक उसके आगे आकर रुकी और उसका रास्ता रोक लिया।
लाठियों से किया हमला, जान से मारने की दी धमकी
आरोप है कि कैंपर गाड़ी से उतरे लोगों ने आते ही उस पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने मदनलाल के कंधे और पैरों पर लाठियों से कई वार किए, जिससे उसके बाएं पैर की हड्डी टूट गई। मारपीट करने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
गंगाशहर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर तिरुपदेसर निवासी सुखराम सियाग (पुत्र रतीराम सियाग) तथा राजेंद्र सियाग (पुत्र रतीराम सियाग) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

0 Comments