Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: आंखों में मिर्च डालकर टैक्सी लूटने वाले बाप-बेटों सहित 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार; लूटी गई टैक्सी व मोबाइल बरामद

India-1stNews



​— रात के अंधेरे में दिया था वारदात को अंजाम: किराए पर टैक्सी लेकर खाखुसर की रोही में ड्राइवर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूटी थी टैक्सी।

— नागौर के 3 आरोपी गिरफ्तार: लालाप (थाना भावंडा, नागौर) निवासी हेतराम और उसके दो बेटों पुनाराम उर्फ आकाश तथा मिथुन उर्फ सुरेश को पुलिस ने दबोचा।

— आपराधिक रिकॉर्ड वाले हैं आरोपी: गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले।

— 100 से अधिक सीसीटीवी व साइबर सेल की मदद से खुलासा: पुलिस ने टावर सैल आईडी डम्प डेटा और सीसीटीवी कैमरों की मदद से दबोचा; आरोपियों को भेजा गया जेल।

​बीकानेर, 09 अगस्त। बीकानेर जिले के कोलायत थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर रात के समय टैक्सी चालक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट व डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले नागौर निवासी तीन शातिर आरोपियों (पिता और उसके दो बेटों) को कोलायत थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टैक्सी और मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भिजवा दिया है।

​मजदूरी का बहाना बनाकर किराए पर ली थी टैक्सी

​कोलायत थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोलायत निवासी पीड़ित गणेश (जो टेम्पो टैक्सी चलाता है) ने 22 जुलाई 2026 को थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि 21 जुलाई की शाम को एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और कहा कि उसके परिवार के सदस्यों को खाखुसर के खेतों में मजदूरी के लिए जाना है।

​आरोपी के कहने पर गणेश रात करीब 8 बजे अपनी टैक्सी लेकर कोलायत रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां वही व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिला और टैक्सी किराए पर ली।

​आंखों में मिर्च डालकर की मारपीट, सुनसान रास्ते पर फेंका

​आरोपियों ने टैक्सी खाखुसर की रोही (स्टेट हाईवे) की तरफ ले जाकर सुनसान रास्ता देखते ही चालक गणेश की आंखों में अचानक मिर्च पाउडर फेंक दिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी गणेश को रास्ते पर ही फेंककर उसकी टैक्सी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

​साइबर सेल और 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पकड़ा

​बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा व सीओ कोलायत संग्राम सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी जसवीर कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

​साइबर सेल के एएसआई दीपक और टीम ने घटनास्थल के आसपास के मोबाइल टावरों के सेल आईडी डम्प डेटा तथा करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर विश्लेषण किया।

​तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों— हेतराम (पुत्र बुधाराम वाल्मीकि, उम्र 52 वर्ष), पुनाराम उर्फ आकाश (उम्र 19 वर्ष) तथा मिथुन उर्फ सुरेश (उम्र 23 वर्ष, दोनों पुत्र हेतराम, निवासी— लालाप, थाना भावंडा, जिला नागौर) को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर लूटी गई टैक्सी व मोबाइल बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement