— अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर सफलता: पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप महाजन थाना पुलिस ने पकड़ी।
— ₹25 लाख की शराब और कैंटर जब्त: कैंटर (RJ 04 GD 1514) से चंडीगढ़ निर्मित 465 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब की बरामदगी।
— एक आरोपी अरेस्ट, एस्कॉर्ट कर रही फॉर्च्यूनर दस्तयाब: लोहावट (फलोदी) निवासी कैंटर चालक दिनेश बिश्नोई गिरफ्तार; एस्कॉर्ट कर रहे दो लोगों सहित फॉर्च्यूनर गाड़ी दस्तयाब।
— महाजन पुलिस का एक्शन: एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश व सीओ लूणकरणसर रणवीर सिंह सांई के सुपरविजन में हुई कार्रवाई; जांच जारी।
बीकानेर, 10 अगस्त। बीकानेर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महाजन थाना पुलिस ने अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक कैंटर से पंजाब से गुजरात तस्करी कर ले जाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित 465 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में पुलिस ने कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शराब सप्लाई को एस्कॉर्ट कर रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी सहित दो अन्य संदिग्धों को दस्तयाब किया है।
पंजाब से गुजरात जा रही थी शराब की खेप
बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी (लूणकरणसर) रणवीर सिंह सांई के निकट सुपरविजन में महाजन थाना क्षेत्र के अरजनसर-पल्लू हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
सब-इंस्पेक्टर अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध लग रहे एक कैंटर (नंबर RJ 04 GD 1514) को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कैंटर के भीतर गुप्त रूप से छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की 465 पेटियां पाई गईं।
कैंटर चालक गिरफ्तार, फॉर्च्यूनर सवार 2 संदिग्ध दस्तयाब
पुलिस ने मौके से कैंटर चालक दिनेश कुमार बिश्नोई (पुत्र भांकरराम बिश्नोई, उम्र 45 वर्ष, निवासी— पीलवा, थाना लोहावट, जिला फलोदी) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और मौके पर मिली जानकारी के आधार पर इस अवैध शराब की गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी पुलिस ने रुकवाया और उसमें सवार सतपाल उर्फ नैना तथा सुशील कुमार को दस्तयाब किया।
थानाधिकारी भजनलाल (पुलिस निरीक्षक) द्वारा मामले का अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है कि शराब कहां से भरी गई थी और गुजरात में किसे डिलीवर की जानी थी। इस सफल कार्रवाई में कांस्टेबल अजय की विशेष भूमिका रही, जबकि टीम में हेड कांस्टेबल पृथ्वीराज, कांस्टेबल दीपक, राजाराम, पूनमचंद व सुभाषचंद शामिल रहे।

0 Comments