— नापासर पुलिस का एक्शन: शेरेरा से राणीसर रोड रोही आसेरा पर गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए दो संदिग्ध युवक।
— अवैध कट्टा व कारतूस जब्त: आरोपी जेठाराम के कब्जे से 1 अवैध देशी कट्टा (सिंगल ट्रिगर) और 1 जिंदा कारतूस (KF 67) बरामद।
— शेरेरा गांव के निवासी हैं दोनों आरोपी: 27 वर्षीय जेठाराम और 20 वर्षीय रमेश को आर्म्स एक्ट के तहत किया गया गिरफ्तार।
— एसपी व आईजी के अभियान के तहत कार्रवाई: थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में एएसआई मूलाराम व टीम ने कार्रवाई को दिया अंजाम; एएसआई कविंद्र कुमार कर रहे हैं जांच।
बीकानेर, 07 अगस्त। बीकानेर जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नापासर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रात को गश्त के दौरान मुखबिर से मिली थी सूचना
बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ व वृत्ताधिकारी (गंगाशहर) हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में नापासर थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थी।
गश्त के दौरान एएसआई मूलाराम की टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि शेरेरा से राणीसर रोड रोही आसेरा पर दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को दबोच लिया।
जेठाराम के पास मिला अवैध हथियार, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जेठाराम (पुत्र बीरबलराम जाट, उम्र 27 वर्ष) और रमेश (पुत्र लालचंद जाट, उम्र 20 वर्ष, दोनों निवासी— शेरेरा, थाना नापासर) बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी जेठाराम के कब्जे से 1 अवैध देशी कट्टा (सिंगल ट्रिगर, बिना नंबरी) और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच एएसआई कविंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे यह हथियार कहां से लाए थे और किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, गोरखाराम और चुन्नीलाल की सराहनीय भूमिका रही।

0 Comments