— बड़ी कार्रवाई: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत नयाशहर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी पूर्णाराम उर्फ पूनम को गिरफ्तार कर लिया है।
— 84 किलो से अधिक डोडा पोस्त जब्ती का मामला: यह मामला 24 अप्रैल 2023 का है, जब नयाशहर पुलिस ने रामपुरा बस्ती से एक होंडा सिटी कार (RJ02CC4081) से 84 किलो 810 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था, जिसमें आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था।
— तकनीकी साक्ष्यों की मदद: पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाकर पांचू थाना क्षेत्र के कुदसू निवासी पूर्णाराम को धर दबोचा और अब उससे सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
बीकानेर: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लायरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत बीकानेर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। नयाशहर थाना पुलिस ने करीब तीन साल से भूमिगत चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी तस्कर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
2023 के डोडा पोस्त जब्ती मामले में था वांछित
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 24 अप्रैल 2023 का है। उस समय तत्कालीन नयाशहर थानाधिकारी वेदपाल शिवराण को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर रामपुरा बस्ती की गली नंबर 17 में कार्रवाई की गई थी। मौके पर एक होंडा सिटी कार (RJ02CC4081) से 84 किलो 810 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया था।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। इस प्रकरण में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी थी, लेकिन मुख्य रूप से वांछित चल रहा पूर्णाराम पुलिस की गिरफ्त से दूर था। उसकी गिरफ्तारी टालने के प्रयासों को देखते हुए पुलिस द्वारा उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर एक्शन
नयाशहर थाना पुलिस की गठित विशेष टीम ने फरार आरोपी की सुरागरसी करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का उपयोग किया। इसके आधार पर पुलिस ने पूर्णाराम उर्फ पूनम पुत्र गंगाराम (उम्र 41 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 02, कुदसू, थाना पांचू, बीकानेर) को दस्तयाब कर लिया और औपचारिक पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह इस भारी मात्रा में डोडा पोस्त कहां से खरीदता था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी नगर अनुज डाल के निकट सुपरविजन में अंजाम दी गई। नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम में सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल कौशल्या, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल भवानी सिंह शामिल रहे।

0 Comments