Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

कोर्ट परिसर में पति पत्नी झगड़े, तीन साल की बच्ची को छोड़ भागे

India-1stNews






बीकानेर. नए कोर्ट परिसर में बुधवार को एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला। भूमि तल पर एक दंपती झगड़ पड़े। दोनों में जमकर लात-घूंसे चले। वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर छुड़ाया। बाद में यह दंपती बच्ची को कोर्ट परिसर में ही छोड़ कर भाग गए। बच्ची कोर्ट परिसर में बिलख रही थी।

झगड़े की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिवक्ता कमल नारायण पुरोहित, महेश व्यास, बसंत आचार्य वहां पहुंचे। तब तक दंपती वहां से भाग चुके थे। बच्ची को रोता देख अधिवक्ताओं ने उसे संभाला। बाद में अधिवक्ता कमल नारायण पुरोहित बच्ची को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव के समक्ष ले गए, जहां से उन्होंने बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जुगल किशोर व्यास को सूचित किया।

परिजन नहीं मिले, बच्ची को शिशु गृह भेजा
अधिवक्ताओं ने बच्ची के मां-बाप को तलाश किया, लेकिन वे नहीं मिले। अधिवक्ता महेश व्यास ने चाइल्ड हेल्प लाइन, बाल कल्याण समिति एवं सदर पुलिस को सूचित किया। चाइल्ड हेल्प लाइन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बच्ची को शिशु गृह भिजवाया गया। एक अधिवक्ता ने बताया कि दंपती का कोर्ट में मामला विचाराधीन है। इसी सिलसिले में बुधवार को दोनों कोर्ट आए और आपस में कहासुनी के बाद झगड़ पड़े।

बच्ची के हित में करेंगे कार्रवाई
कोर्ट परिसर में दंपती के झगड़ने के बाद बच्ची को लावारिस छोड़कर जाना गलत है। बच्ची को शिशु गृह में रखवाया गया है। बच्ची के हित के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जुगलकिशोर व्यास- अध्यक्ष बाल कल्याण समिति

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement