India-1stNews



​— विश्वासघात का बड़ा मामला: गंगाशहर थाना क्षेत्र में सोने-चांदी के व्यापार में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हैदराबाद के एक दंपती ने बीकानेर के प्रसिद्ध कुंदन-जड़ाऊ ज्वैलर से करोड़ों के आभूषण हड़प लिए।

— फर्जीवाड़ा और जालसाजी: आरोपियों ने खुद को हैदराबाद के अशोक नगर स्थित फर्म ‘श्री गोल्ड एंड डायमंड्स’ का संचालक बताकर फर्जी GST सर्टिफिकेट और पहचान पत्र दिखाया और आभूषण ले उड़े।

— करोड़ों का फ्रॉड: शुरुआत में 17.31 लाख के माल पर 10 लाख ऑनलाइन देकर भरोसा जीता और फिर मई से अगस्त के बीच अप्रूवल पर कुल 3,28,85,105 रुपये के सोने-चांदी के जेवरात हड़प लिए।

​बीकानेर: बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में ज्वैलरी व्यापार से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कारोबारियों के होश उड़ा दिए हैं। हैदराबाद से आए एक शातिर दंपती ने खुद को बड़ा स्वर्ण व्यापारी बताकर बीकानेर के एक प्रसिद्ध कुंदन-जड़ाऊ ज्वैलर को करीब 3.28 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया है। पुलिस ने पीड़ित ज्वेलर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​फर्जी GST सर्टिफिकेट दिखाकर शुरू किया कारोबार

​गंगाशहर नई लाइन चौपड़ा स्कूल के पास स्थित प्रतिष्ठान के मालिक किसनलाल सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि अप्रैल 2026 में कांता सिरजा और उसका पति नवीन उनकी दुकान पर आए थे। दोनों ने खुद को हैदराबाद के अशोक नगर स्थित फर्म ‘श्री गोल्ड एंड डायमंड्स’ का मालिक बताया। आरोपियों ने अपना असली व वैध प्रतीत होने वाला GST सर्टिफिकेट और पहचान पत्र दिखाया, जिससे ज्वेलर को उन पर पूरा विश्वास हो गया और उन्होंने बीकानेर की प्रसिद्ध कुंदन ज्वैलरी खरीदने की इच्छा जताई।

​पहले जीता भरोसा, फिर धीरे-धीरे हड़पे करोड़ों के जेवर

​शातिर दंपती ने शुरुआत में व्यापारी से 17.31 लाख रुपये के जेवर खरीदे, जिसके एवز में उन्होंने तुरंत 10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसी शुरुआती भरोसे के चलते मई से अगस्त महीने तक आरोपी लगातार उनके संपर्क में रहे और अलग-अलग मौकों पर करोड़ों के आभूषण तैयार करवाते रहे। अपने ऊपर शक न हो इसके लिए आरोपी बीच-बीच में 4.99 लाख, 2.50 लाख और 10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करते रहे, ताकि ज्वेलर का भरोसा बना रहे।

​लेकिन 19 अगस्त को दंपती ने अपनी असलियत दिखाते हुए बड़ा हाथ मारा। वे तैयार माल के साथ-साथ करीब 1246.29 ग्राम (लगभग 1.25 किलो) सोना ‘अप्रूवल’ यानी पसंद आने पर बिल कटवाने के नाम पर अपनी दुकान से ले गए।

​रंग दिखाते हुए दी धमकी

​जब पीड़ित ज्वेलर ने बकाया रकम और अप्रूवल पर ले गए माल के कुल 1.42 करोड़ रुपये चुकाने की मांग की, तो दंपती ने धमकाना शुरू कर दिया। गत 2 अक्टूबर को जब तकाजा किया गया, तो आरोपियों ने साफ कह दिया कि उनका इरादा शुरू से ही ठगी करने का था। उन्होंने खुलेआम धमकी दी कि उनकी फर्म का GST पता फर्जी है और वे एक भी रुपया नहीं लौटाएंगे।

​पीड़ित ज्वेलर के अनुसार, आरोपियों ने कुल 3,28,85,105 रुपये के आभूषण हड़पे हैं। गंगाशहर थाना पुलिस ने दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया है और हैदराबाद पुलिस के सहयोग से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।