Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो, डॉक्टर दंपती सहित 5 की मौत

India-1stNews




बीकानेर: ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो, डॉक्टर दंपती सहित 5 की मौत 

बीकानेर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में डॉक्टर दंपती, उनकी डेढ़ साल की बेटी समेत दो परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नोखा क्षेत्र के रासीसर गांव के पास भारतमाला सड़क पर शुक्रवार सुबह पांच बजे हुआ। पांचों मृतक गुजरात के रहने वाले थे।

हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान मौके पर पहुंचे। गुजरात के ये दोनों परिवार श्रीगंगानगर से एक विवाह समारोह में हिस्सा लेकर लौट रहे थे।

डॉ. शिवरान ने बताया कि सुबह स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच टक्कर हुई है। इसमें गुजरात के डॉ. प्रतीक, उनकी पत्नी हेतल, गुजरात में ही कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर डॉ. पूजा, उनके पति के साथ ही डॉ. प्रतीक-हेतल की महज डेढ़ साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। पांचों का शव नोखा के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया जा रहा है। घटना के बारे में मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये लोग कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई। इसमें सवार लोग कार में ही फंस गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। माना जा रहा है कि काफी देर तक इन्हें किसी ने संभाला ही नहीं, क्योंकि भारतमाला प्रोजेक्ट पर ज्यादा आवागमन नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

नींद आने की वजह से हुआ हादसा! पुलिस के मुताबिक माना जा रहा है कि स्कॉर्पियो चला रहे शख्स को नींद आ गई, जिससे कार ट्रक में घुस गई। इसमें फंसे लोगों के शव निकालने में ही भारी मशक्कत करनी पड़ी।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement