Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: शिकंजा कसता देख उड़ा दी वाट्सअप चैटिंग...निलंबित एसआई रिमांड पर

India-1stNews





बीकानेर: शिकंजा कसता देख उड़ा दी वाट्सअप चैटिंग...निलंबित एसआई रिमांड पर




मादक पदार्थ तस्करों के साथ सांठ-गांठ के आरोपी निलंबित एसआई रमेश कुमार को पांचू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एसआई को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की रिमांड पर भेजा गया है। नोखा सीओ हिमांशु शर्मा ने बताया कि ओसियां के भाखरी निवासी रमेश कुमार पुत्र चेनाराम बिश्नोई को मादक पदार्थ तस्करों से सांठगांठ मामले में गिरफ्तार किया गया है। निलंबित पुलिस उप निरीक्षक रमेश वर्ष 2021 बैच का है, जिसका अभी तक फिक्सेशन भी नहीं हुआ है। प्रोबेशन पीरियड के दौरान ही उप निरीक्षक रमेश को विभागीय कार्रवाई में सजा मिल चुकी है। इसलिए परिवीक्षा काल भी बढ़ाया जा चुका है। रमेश को अब तक दो बार निलंबित किया जा चुका है। वर्तमान में वह बीकानेर पुलिस लाइन में पदस्थापित था।

एफएसएल का सहारा लेगी पुलिस

पुलिस सूत्रों की मानें, तो एसआई रमेश का मादक पदार्थ तस्करों से संपर्क रहा। मादक पदार्थ लाने के दौरान वह लगातार तस्करों से संपर्क में था। इतना ही नहीं, आरोपियों से वाट्सअप के माध्यम से बातचीत भी कर रहा था। तस्करों से वाट्सअप चैटिंग भी की। जानकारी के मुताबिक, एसआई ने पुलिस का शिकंजा कसने पर चैट हटा दी। अब पुलिस तस्कर और एसआई के बीच क्या चैटिंग हुई, इसका पता लगाने के लिए एफएसएल का सहारा लेगी।

यह है मामला

पांचू पुलिस ने 23 मार्च को कार से मादक पदार्थ जब्त किया। कार सवार ओसियां के सामरेऊ निवासी पुखराज पुत्र मगनाराम बिश्नोई एवं ओसियां के भाखरी निवासी ओमप्रकाश पुत्र बीरबलराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। दोनों युवकों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में उप निरीक्षक रमेश (प्रशिक्षु) की भूमिका संदिग्ध होने पर पहले निलंबित किया गया और अब उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। उप निरीक्षक रमेश एक आरोपी ओमप्रकाश का चचेरा भाई है। उप निरीक्षक रमेश का आरोपियों से संपर्क सामने आया। उप निरीक्षक रमेश के खिलाफ विभागीय जांच भी चल रही है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562