Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर में विरोध कर रहे NSUIकार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, पुलिस-RAC के जवानों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, कॉलेज प्रेसिडेंट का सिर फूटा, पूर्व अध्यक्ष भी घायल

India-1stNews




बीकानेर में विरोध कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, पुलिस-RAC के जवानों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, कॉलेज प्रेसिडेंट का सिर फूटा, पूर्व अध्यक्ष भी घायल


बीकानेर। आज बीकानेर में केंद्र सरकार की अग्निवीर स्कीम के विरोध में प्रदर्शन कर रहे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें गवर्नमेंट डूंगर कॉलेज के प्रेसिडेंट हरि गोदारा का सिर फूट गया। पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोदारा भी घायल हो गए।

NSUI कार्यकर्ता दोपहर करीब एक बजे कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे। NSUI कार्यकर्ताओं के बैरिकेड तोड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

बैरिकेड तोड़ने पर पुलिस ने बरसाई लाठी
NSUI के प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ता गंगा थिएटर से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े तो पुलिस उन्हें रोकने लगी। पुलिस ने NSUI प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित कुछ छात्र नेताओं को अंदर जाने दिया। शेष को बाहर रोक दिया। इस पर स्टूडेंट्स ने बैरिकेड्स तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया।

पुलिस ने उन्हें रोका तो वे विरोध करने लगे। इसके बाद पुलिस और आरएसी के जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस और आरएसी के जवानों ने NSUI कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर डंडे बरसाए। कार्यकर्ता अलग-अलग दिशाओं में भागे। वहीं, कुछ स्टूडेंट्स पुलिस के सामने हो गए।

डूंगर कॉलेज के अध्यक्ष हरि गोदारा और पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोदारा पुलिस के सामने हो गए। इसी दौरान लाठीचार्ज में हरि का सिर फूट गया। खून निकलने लगा तो दौड़ कर कृष्ण गोदारा भी उनके पास पहुंचे। पुलिस ने कृष्ण पर भी लाठी बरसाई, जिससे वह भी घायल हो गए।

NSUI के साथ करेंगे सरकार का विरोध
पूरी घटना को लेकर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भाजपा की सरकार ने एक सप्ताह में दूसरी बार लाठीचार्ज करके साबित कर दिया है कि वो लोकसभा चुनाव में हारने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार का विरोध करेगी।

5 दिन पहले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज
15 मार्च को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बेरोजगारी के खिलाफ कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर रहे थे। तब पुलिस के लाठीचार्ज में देहात यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा और शहर अध्यक्ष प्रदीप शर्मा को गंभीर चोट आई थी।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562