Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय में रोटरी जल मंदिर का लोकार्पण — विद्यार्थियों को मिलेगी स्वच्छ पेयजल सुविधा

India-1stNews


बीकानेर, 8 अक्टूबर। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर की कैंटीन में रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स की प्रेरणा से निर्मित ‘रोटरी जल मंदिर’ का लोकार्पण किया गया। यह जल मंदिर स्वर्गीय जितेन्द्र सिंह अहलूवालिया की स्मृति में उनके परिवार द्वारा बनवाया गया है। इसमें आधुनिक वाटर कूलर और प्यूरिफिकेशन सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय स्टाफ को स्वच्छ व ठंडे पेयजल की सुविधा मिलेगी।

रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के सचिव इंजी. विपिन लड्ढा ने बताया कि लोकार्पण समारोह में कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग और रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के सह प्रांतपाल रोटेरियन पंकज पारिक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. गर्ग ने कहा कि रोटरी की ओर से किए जाने वाले सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अहलूवालिया परिवार और रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संगठन सदैव मानव सेवा की भावना से कार्य करता है।

रोटरी सह प्रांतपाल पंकज पारिक ने कहा कि रोटरी जल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर समाजहित कार्य कर रही है। उन्होंने बीकानेर रॉयल्स क्लब की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह क्लब सेवा की परंपरा को नए आयाम दे रहा है।

स्वर्गीय जितेन्द्र पाल सिंह अहलूवालिया के माता-पिता जसवीर सिंह और गुरदीप कौर ने कहा कि अपने पुत्र की स्मृति में समाजहित का यह कार्य करना उनके लिए सच्चा संतोष देने वाला क्षण है। उन्होंने आगे भी ऐसे कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व सह प्रांतपाल राजेश बवेजा, डॉ. मनोज कुड़ी, कोषाध्यक्ष जगदीप ओबेरॉय, पूर्व सचिव राजीव माथुर, हरजीत सिंह, डॉ. शिशिर शर्मा, डॉ. राजेंद्र सिंह सहित कई रोटेरियन मौजूद रहे। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय से भू-संपत्ति अधिकारी प्रतिभा चौधरी और सुनीता चौधरी ने भी इस पहल की सराहना की।




Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562