Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

"सुबह भाई से हंसकर बात की, 2 घंटे बाद आई मौत की खबर": बीकानेर में विवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, मोर्चरी के आगे धरना

India-1stNews



​– मायके वालों का आरोप: दहेज के लिए ससुराल वालों ने जबरन जहर पिलाकर मारा; 3 लाख और बाइक की कर रहे थे मांग

– शव लेने से इनकार, पति संपत राम समेत 5 के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

​बीकानेर/गजनेर, 26 नवंबर।

बीकानेर जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गरमा गया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जबरन जहर पिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

​नाराज परिजनों ने शव लेने से इनकार करते हुए मोर्चरी के आगे धरना लगा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गजनेर पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​भाई बोला- 10:39 बजे सब ठीक था

​मृतका के भाई और परिवादी कानाराम (पुत्र मोहनसिंह मेघवाल, निवासी जामसर) ने बताया कि उसकी बहन संतोष उर्फ बाला से सुबह 10:39 बजे फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। उस वक्त सब कुछ ठीक था, लेकिन महज दो घंटे बाद ही सूचना मिली कि संतोष ने जहर खा लिया है। परिजनों का आरोप है कि उसने जहर खाया नहीं, बल्कि उसे जबरन पिलाया गया है।

​3 लाख और बाइक के लिए प्रताड़ना

​पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, संतोष का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व सूरजड़ा निवासी संपत राम मेघवाल के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही पति, सास-ससुर, ननद और देवर उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे।

​ससुराल वाले दहेज में तीन लाख रुपये, सोने की चेन और मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

​CO कोलायत कर रहे जांच

​गजनेर पुलिस ने मृतका के भाई की रिपोर्ट पर पति संपत राम समेत 5 परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कोलायत सीओ संग्राम सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने परिजनों से समझाइश का प्रयास किया है और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement