Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: पिता की हत्या कर शव दफनाने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, पुलिस ने कब्र खोदकर जुटाए सबूत, सिर और गले पर वार कर ली थी जान

India-1stNews




​– बज्जू पुलिस की कार्रवाई: 78 वर्षीय बुजुर्ग गोपीराम की हत्या का मामला, बड़े भाई की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद धरा गया आरोपी योगराज

– पड़ोसी ने खोला था राज, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव निकालकर मेडिकल बोर्ड से करवाई गई थी जांच

​बीकानेर/बज्जू, 30 नवंबर।बीकानेर के बज्जू थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना का पटाक्षेप हो गया है। 78 वर्षीय पिता की पीट-पीटकर हत्या करने और गुपचुप तरीके से शव को खेत में दफनाने वाले कलयुगी बेटे योगराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

​पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र (जमीन) से बाहर निकलवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया, जिसमें हत्या की पुष्टि होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद यह गिरफ्तारी की गई है।

​27 नवंबर को उतारा था मौत के घाट

​मामला बज्जू थाना क्षेत्र के चक 6 एमडीएम (गौडू गांव) का है। पुलिस जांच में सामने आया कि 27 नवंबर को आरोपी योगराज ने घरेलू विवाद के चलते अपने पिता गोपीराम (78) पुत्र लेखराम विश्नोई के सिर और गले पर वार कर उनकी हत्या कर दी थी।

​इसके बाद, आरोपी ने परिजनों को झूठ बोला कि पिता गिरने से घायल हो गए थे और उनकी मौत हो गई। इस झूठ पर विश्वास करते हुए 28 नवंबर को शव को चक 03 एमडीएम स्थित खेत में दफना दिया गया था।

​पड़ोसी की गवाही ने खोली पोल

​राज तब खुला जब एक पड़ोसी ने मृतक के बड़े बेटे ख्यालीराम को बताया कि उसने बाप-बेटे को झगड़ते देखा था। जब ख्यालीराम ने अपने छोटे भाई योगराज से सख्ती से पूछा, तो उसने कबूल किया, "हां, मैंने मार दिया था।"

​इसके बाद ख्यालीराम ने 28 नवंबर को थाने पहुंचकर भाई के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया।

​IG-SP की निगरानी में हुई कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज आईजी हेमंत शर्मा, एसपी कावेन्द्र सागर, एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल और सीओ कोलायत संग्राम सिंह के सुपरविजन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

​पुलिस ने एसडीएम की अनुमति से शव को जमीन से बाहर निकलवाया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी योगराज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से हत्या के कारणों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement