Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

रेंज आईजी की टीम और AGTF का बड़ा धमाका: कंटेनर में भरकर ले जा रहे थे 479 किलो अवैध डोडा पोस्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

India-1stNews



​– राजलदेसर थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई: बिहार नंबर के ट्रक (कंटेनर) में छिपाकर हो रही थी तस्करी

– आईजी के निर्देश पर आईपीएस अभिजीत की निगरानी में रेंज स्पेशल टीम ने दबोचा

​चूरू/बीकानेर, 1 दिसंबर। बीकानेर रेंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। रेंज स्पेशल टीम और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) चूरू ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर (ट्रक) से 479 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से झालावाड़ जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

​30 नवंबर को जाल बिछाकर पकड़ा

​महानिरीक्षक पुलिस (IG), बीकानेर रेंज द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। राजगढ़ (चूरू) के वृताधिकारी अभिजीत (IPS) के निर्देशन में रेंज स्पेशल टीम ने 30 नवंबर को राजलदेसर थाना क्षेत्र में यह दबिश दी।

​पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। टीम ने नाकाबंदी कर एक कंटेनर (BR 01 GF 6284) को रुकवाया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया था।

​झालावाड़ के रहने वाले हैं तस्कर

​पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है:

  1. ​दिनेश कुमार (29) पुत्र उदयराम लुहार, निवासी खोखरिया खुर्द, तहसील पचपहाड़, थाना पगरिया, जिला झालावाड़।
  2. ​बाबूलाल (28) पुत्र रमेशचन्द्र बागड़ी, निवासी मायाखेड़ी, तहसील व थाना पिड़ावा, जिला झालावाड़।

​पूरे नेटवर्क का होगा खुलासा

​पुलिस ने 479 किलो डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण में गंभीरतापूर्वक अनुसंधान किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह माल कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई होना था। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement