Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: राजकीय शिशु गृह में गूंजी नन्हे मेहमान की किलकारी; तिलक और आरती के साथ हुआ अज्ञात शिशु का भव्य स्वागत

India-1stNews



– ममता की छांव: पीबीएम अस्पताल से स्वस्थ होकर लौटा 11 दिन का मासूम; एडीजे माण्डवी राजवी ने तिलक लगाकर गृह में प्रवेश दिलाया

– गरिमामय आयोजन: बाल कल्याण समिति के आदेश पर मिली नई छत; अस्पताल के चिकित्सकों ने शिशु को घोषित किया पूर्णतः स्वस्थ

बीकानेर, 26 फरवरी (गुरुवार)। बीकानेर के राजकीय शिशु गृह में गुरुवार को मानवता और वात्सल्य का अनूठा संगम देखने को मिला। पीबीएम अस्पताल से प्राप्त एक अज्ञात नवजात बालक को पूरे रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ शिशु गृह में प्रवेश दिलाया गया। इस नन्हे बालक का स्वागत ठीक उसी तरह किया गया, जैसे किसी परिवार में नए सदस्य के आने पर खुशियाँ मनाई जाती हैं।

11 दिनों तक अस्पताल में चला उपचार

​यह अज्ञात शिशु (रजिस्ट्रेशन संख्या 2159) बीते 15 फरवरी को लावारिस हालत में मिला था, जिसके बाद उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने 11 दिनों तक शिशु की देखभाल की। गुरुवार को जब चिकित्सकों ने उसे पूर्णतः स्वस्थ घोषित किया, तब बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार उसे राजकीय बालिका गृह परिसर में संचालित शिशु गृह लाया गया।

आरती उतारी और तिलक लगाया

​स्वागत समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव और अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती माण्डवी राजवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने नन्हे बालक को तिलक लगाया, उसकी आरती उतारी और उसे दुलारते हुए गृह में प्रवेश कराया। इस दौरान माहौल काफी गरिमामय और भावुक रहा।

ये रहे मौजूद

​शिशु के गृह प्रवेश के दौरान राजकीय बालिका गृह अधीक्षक श्रीमती सुशीला देवी, छात्रावास अधीक्षक द्वितीय श्रीमती चंदा वाल्मीकि, मैनेजर श्रीमती चेतना पारीक, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती मोनिका चौधरी सहित ए.एन.एम. अर्चना देगावा और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अब इस मासूम की परवरिश पूरी तरह सरकारी देखरेख और ममतामयी वातावरण में होगी।


Post a Comment

0 Comments