– बड़ी घोषणा: देशनोक में अब 24 घंटे मिलेगा नल से जल; बीकानेर-जैसलमेर के बीच 2950 करोड़ से लगेंगे नए सोलर पार्क
– इंफ्रास्ट्रक्चर: सभी रेलवे क्रॉसिंग पर बनेंगे ओवरब्रिज, 'थार सांस्कृतिक सर्किट' में शामिल हुआ बीकानेर; मेधावी छात्रों को मिलेंगे 20 हजार के लैपटॉप वाउचर
बीकानेर/जयपुर, 11 फरवरी (बुधवार)।उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को विधानसभा में राजस्थान का 'फुल बजट' पेश किया। 2 घंटे 54 मिनट के अपने बजट भाषण में उन्होंने बीकानेर जिले के लिए पिटारा खोल दिया। सबसे बड़ी घोषणा देशनोक के लिए रही, जिसे 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 750 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिया गया है।
बीकानेर जिले के लिए विशेष घोषणाएं
- देशनोक पेयजल योजना: जलदाय विभाग देशनोक में चौबीस घंटे पानी देने की योजना पर 750 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
- सोलर हब: बीकानेर और जैसलमेर के बीच 2950 करोड़ रुपये की लागत से नए सोलर पार्क स्थापित किए जाएंगे।
- रेलवे ओवरब्रिज (ROB): शहर और जिले की सभी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाए जाएंगे ताकि जनता को फाटक बंद होने की समस्या से निजात मिले।
- PBM अस्पताल: सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए अत्याधुनिक विश्राम गृह का निर्माण होगा।
- पर्यटन: पश्चिमी राजस्थान के सांस्कृतिक वैभव को बढ़ाने के लिए 'थार सांस्कृतिक सर्किट' बनेगा, जिसमें बीकानेर को प्रमुख केंद्र के रूप में शामिल किया गया है।
युवाओं और शिक्षा के लिए सौगातें
- लैपटॉप ई-वाउचर: 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए 20,000 रुपये तक की सहायता मिलेगी।
- राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी: NTA की तर्ज पर प्रदेश में अपनी टेस्टिंग एजेंसी बनेगी, जिससे परीक्षाएं समय पर और पारदर्शी होंगी।
- फ्री यूनिफॉर्म: कक्षा 1 से 8वीं तक के 40 लाख स्टूडेंट्स को फ्री ड्रेस के लिए 250 करोड़ का प्रावधान।
- स्कूल ऑन व्हील्स: हर जिले में मोबाइल स्कूल स्थापित होंगे।
- युवा स्वरोजगार: बिना ब्याज के 10 लाख रुपये तक का कर्ज और अनुदान मिलेगा।
बजट के अन्य महत्वपूर्ण बिंदु
- स्वास्थ्य: बिना दस्तावेजों के भी मरीजों को सरकारी अस्पतालों में फ्री इलाज मिलेगा।
- नशा मुक्ति: नशे के खिलाफ 'राज सवेरा' अभियान शुरू होगा, जिसमें युवाओं का पुनर्वास किया जाएगा।
- लखपति दीदी: कर्ज की सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये की गई।
- कर्मचारी: 8वें वेतन आयोग के लिए हाईपावर कमेटी का गठन होगा।
- पेयजल: 6500 गांवों को 'हर घर नल' योजना से जोड़ा जाएगा और 3 हजार संविदा कर्मियों की भर्ती होगी।
- पर्यावरण: सोलर और विंड प्लांट की 10% जमीन पर अब वृक्षारोपण अनिवार्य होगा।
वाहन खरीदारों को राहत
दीया कुमारी ने वाहनों पर लगने वाले टैक्स में भी राहत दी है। अन्य राज्यों से लाए गए वाहनों पर टैक्स कम किया गया है और कर्ज दस्तावेजों पर पंजीयन दर को 1% से घटाकर 0.5% कर दिया गया है। प्रदेश में 250 नए ईवी (EV) चार्जिंग स्टेशन भी खुलेंगे।

0 Comments