Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर में कार और बाइक सवार बदमाशों ने बीच रास्ते रुकवाई गाड़ी; लोहे के सरियों से फोड़े सिर और दांत, ऑनलाइन लूटी नकदी

India-1stNews



– पेमासर बाईपास पर खौफनाक वारदात: वृंदावन एन्क्लेव के हेतराम और राधेश्याम पर जानलेवा हमला; बदमाशों ने पैर तोड़ा, मोबाइल भी छीने

– डिजिटल लूट: मोबाइल छीनकर 'PhonePe' से ट्रांसफर किए पैसे; पेमासर और नागामर के बदमाशों की हुई पहचान, पुलिस ने शुरू की तलाश

बीकानेर, 10 फरवरी (मंगलवार)।बीकानेर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेमासर बाईपास पर रविवार रात बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। कार और मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने न केवल दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि हथियारों के दम पर उनके खातों से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए। हमले में एक युवक के चार दांत टूट गए और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया है।

लोहे के सरियों से कार के कांच तोड़े, फिर शुरू की दरिंदगी

​पीड़ित हेतराम पुनियां (निवासी वृंदावन एन्क्लेव) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में खौफनाक मंजर बयां किया। 8 फरवरी की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हेतराम अपने दोस्त राधेश्याम वर्मा के साथ कार से पेमासर बाईपास के कच्चे रास्ते से जा रहे थे। तभी पीछे से एक सफेद स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल पर सवार होकर चार बदमाश आए और उनकी गाड़ी के आगे अपना वाहन लगाकर रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने उतरते ही लोहे के सरियों से हेतराम की कार के कांच फोड़ दिए। बदमाशों ने दोनों को कार से बाहर खींचा और सरियों व लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में राधेश्याम के सिर पर गंभीर चोट आई, चार दांत टूट गए और एक पैर फ्रैक्चर हो गया।

मोबाइल छीना और ऑनलाइन ट्रांसफर किए पैसे

​मारपीट के दौरान बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर पीड़ितों के मोबाइल फोन छीन लिए। बदमाशों ने जबरन मोबाइल का लॉक खुलवाया और 'PhonePe' के जरिए पीड़ितों के बैंक खातों से अपनी आईडी पर पैसे ट्रांसफर कर लिए। शोर मचाने पर जब आसपास के लोग और परिजन पहुंचे, तो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

चार बदमाशों की हुई पहचान, पुलिस की दबिश जारी

​घायलों को तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि हमलावर पेमासर और नागामर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने दिनेश, सुनील, और दुलीचंद सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। जेएनवीसी थाना पुलिस ने मामले की जांच एसआई सुभाष को सौंपी है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Post a Comment

0 Comments