Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: सड़क पर 'काल' बनी रफ्तार; ट्रेलर में घुसी ईको गाड़ी, 3 युवकों की मौत, एक गंभीर

India-1stNews



​– दर्दनाक हादसा: देशनोक करणी माता मंदिर दर्शन करने जा रहे थे चारों दोस्त; पांचू थाना क्षेत्र में देर रात 2:15 बजे हुई भिड़ंत।

– मौके पर ही दम तोड़ा: टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको के परखच्चे उड़े; पेट्रोलिंग टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।

– शोक की लहर: मृतकों में मथानिया (जोधपुर) के चेतनराम, मुकेश और बुधाराम शामिल; घायल राकेश का अस्पताल में उपचार जारी।

​बीकानेर, 19 मार्च (गुरुवार)। बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भारतमाला सड़क पर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में जोधपुर जिले के मथानिया निवासी तीन युवकों की अकाल मृत्यु हो गई, जबकि उनका एक साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

​ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार ईको

​जानकारी के अनुसार, जोधपुर के मथानिया से चार दोस्त ईको गाड़ी में सवार होकर देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए निकले थे। रात करीब 2:15 बजे जब उनकी गाड़ी बंगड़ी से पांचू की ओर जा रही थी, तभी अचानक आगे चल रहे एक ट्रेलर से उनकी गाड़ी पीछे से जा टकराई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

​पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को निकाला

​हादसे के तुरंत बाद पांचू पेट्रोलिंग टीम के संचालक दानाराम मायला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। टीम ने भारी मशक्कत कर गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकाला। चेतनराम बंजारा, मुकेश चौकीदार और बुधाराम मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई। चौथे युवक राकेश मेघवाल को गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया गया है।

​पुलिस और प्रशासन मौके पर

​घटना की सूचना मिलते ही पांचू थाने के एएसआई गंगाराम पुलिस जाब्ते के साथ पहुँचे और यातायात सुचारू करवाया। गुरुवार सुबह एडिशनल एसपी बनवारीलाल मीणा और थानाधिकारी राजीव रॉयल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement