Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

चूरू के बीदासर में 'गैंगवार' का तांडव: होटल द रॉयल ट्रीट में अंधाधुंध फायरिंग; मालिक मनीराम मंडा की मौत, 3 घायल जिंदगी और मौत के बीच

India-1stNews


​– खूनी आधी रात: शराब कारोबार की रंजिश में घुसे 3 शूटर; होटल मालिक को गोलियों से भूना, 4 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

– सीसीटीवी में कैद वारदात: एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत; एक हमलावर की पहचान, धरपकड़ के लिए पुलिस ने दी दबिश

​बीदासर/चूरू, 3 मार्च (मंगलवार)। बीकानेर संभाग के चूरू जिले के बीदासर कस्बे में नोखा रोड पर स्थित “द रॉयल ट्रीट” होटल सोमवार देर रात रणक्षेत्र बन गया। रात करीब 12:25 बजे तीन अज्ञात बदमाशों ने होटल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में होटल मालिक मनीराम मंडा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

​वारदात का मंजर: महज कुछ सेकंड और सब खत्म

​प्रत्यक्षदर्शियों और आज सुबह सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बदमाश हथियारों से लैस होकर आए थे। उन्होंने बिना संभलने का मौका दिए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।​ मृतक मनीराम मंडा (होटल मालिक), जो तीन बहनों के इकलौते भाई और चार मासूम बेटियों के पिता थे।वहीं भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत (निवासी दडीबा)। तीनों को सुजानगढ़ से प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

​शराब कारोबार से जुड़ी रंजिश की आशंका

​चूरू एसपी जय यादव ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला शराब कारोबार से जुड़ी आपसी रंजिश का लग रहा है। मनीराम मंडा शराब और होटल व्यवसाय से जुड़े थे। पुलिस को शक है कि किसी प्रतिस्पर्धी गुट ने इस वारदात को अंजाम दिया है।

​पुलिस का एक्शन और एक आरोपी की पहचान

​एसपी जय यादव ने बताया कि पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। एक हमलावर की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। होटल को फिलहाल सील कर दिया गया है और एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से खाली कारतूस व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

​परिवार में कोहराम, प्रशासन से सहमति के बाद धरना समाप्त

​घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। चार छोटी बेटियों और बुजुर्ग पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। न्याय की मांग को लेकर परिजनों और समाज के लोगों ने धरना दिया, जो प्रशासन द्वारा जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।




Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement