Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: मौत की थार! दर्शन कर लौट रहे दो दोस्तों को 200 मीटर तक घसीटा; दोनों की मौत, पीबीएम मोर्चरी के बाहर भारी प्रदर्शन

India-1stNews



– रोंगटे खड़े करने वाला हादसा: कोडमदेसर रोड पर पेट्रोल पंप के पास थार ने बाइक को कुचला; मोहित और प्रमोद की दर्दनाक मौत, ड्राइवर फरार।

– आक्रोश: 'पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद' के नारों से गूंजा अस्पताल परिसर; आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे परिजन।

बीकानेर, 9 मार्च (सोमवार)। बीकानेर के गजनेर थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब साढ़े बारह बजे एक बेकाबू थार गाड़ी काल बनकर आई। कोडमदेसर भैरव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे पांच दोस्तों में से दो को थार ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों को गाड़ी करीब 200 मीटर तक घसीटती ले गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत जैसी स्थिति हो गई।

खुशियों के सफर का खौफनाक अंत

​गजनेर थानाधिकारी राकेश स्वामी ने बताया कि 5 दोस्त 3 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कोडमदेसर बावड़ी स्थित भैरव मंदिर दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान गांधी प्याऊ रोड पर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही थार ने एक बाइक को सीधी टक्कर मार दी: हादसे में मोहित पारीक (22) (निवासी सांडवा, चूरू हाल शीतला गेट) और प्रमोद पंवार (23) (निवासी गोगागेट, बीकानेर) की मौत हो गई। मोहित ने अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया था, वहीं प्रमोद की करीब साढ़े तीन घंटे चले इलाज के बाद मौत हो गई।

ड्राइवर फरार, गाड़ी मालिक की पहचान

​पुलिस के अनुसार, थार गाड़ी बीकानेर निवासी रामनिवास ज्याणी के नाम पर दर्ज है। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि हादसे के वक्त स्टीयरिंग रामनिवास के हाथ में था या कोई और गाड़ी चला रहा था। घटना की चश्मदीद गवाही साथ चल रहे दोस्त नीतिन गहलोत और गिरधारी सांखला ने दी है।

मोर्चरी के बाहर भारी तनाव और धरना

​सोमवार सुबह से ही पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर मृतकों के परिजन और परिचित बड़ी संख्या में एकत्रित हैं। परिजनों ने शव लेने से इनकार करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनकी मांग है कि आरोपी ड्राइवर को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।






Post a Comment

0 Comments