– साजिश का जाल: चाम्पासर निवासी पार्वती देवी ने दर्ज कराया मामला; वृद्धावस्था पेंशन दिलाने के बहाने घंटियाली ले जाकर कागजों पर लगवाए अंगूठे।
– रिश्तों में दगा: नाती जयप्रकाश और उसकी माँ ने पहले छीना मोबाइल, फिर जयपुर-बीकानेर में बंधक बनाकर खाली कागजों पर लिए हस्ताक्षर।
– कानूनी शिकंजा: कोर्ट के आदेश पर बीएनएस (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज; नोखा के कुम्भासरिया और नाथुसर के आरोपी नामजद।
बीकानेर/फलोदी, 23 अप्रैल (गुरुवार)। फलोदी जिले के भोजासर थाना क्षेत्र के चाम्पासर गांव में एक वृद्धा के साथ हुई करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। 79 वर्षीय पार्वती देवी ने अपने नाती जयप्रकाश और उसके सहयोगियों पर आपराधिक षड्यंत्र रचकर उनकी कृषि भूमि हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया है।
पेंशन के नाम पर घंटियाली ले जाकर किया खेल
दर्ज एफआईआर के अनुसार, पार्वती देवी की चाम्पासर में करीब 69 हेक्टेयर (करीब 275 बीघा) सहखातेदारी जमीन है। आरोप है कि 13 अगस्त 2024 को उनके जेठ का दोहिता जयप्रकाश (निवासी कुम्भासरिया, नोखा) उनके घर आया। उसने वृद्धा को पेंशन दिलाने का झांसा दिया और घंटियाली ले जाकर धोखे से कई कागजों पर अंगूठे लगवा लिए। इस दौरान तेजाराम और मगाराम नामक व्यक्तियों ने भी गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए।
बंधक बनाया और छीने 1.70 लाख रुपये
वृद्धा का आरोप है कि अंगूठा लगवाने के कुछ दिन बाद जयप्रकाश, उसकी माता सीमा और ओमप्रकाश उन्हें बहला-फुसलाकर कुम्भासरिया ले गए। वहाँ उनसे अमानत के तौर पर रखे 1.70 लाख रुपये छीन लिए गए। आरोपियों ने वृद्धा का मोबाइल छीनकर उन्हें पीहर पक्ष से बात करने पर पाबंदी लगा दी और करीब दो महीने तक बीकानेर और जयपुर में अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा। इस दौरान डरा-धमकाकर कई खाली कागजों पर भी अंगूठे लगवाए गए।
भाभी की मौत के बाद खुला राज
30 जून 2025 को जब वृद्धा की भाभी का देहांत हुआ, तब किसी तरह भतीजी मुन्नीदेवी से संपर्क होने पर इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली, जिसके बाद भोजासर पुलिस ने अब आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, बंधक बनाने और दस्तावेजों की कूटरचना के तहत FIR नंबर 0009/2026 दर्ज की है।
ये हैं नामजद आरोपी:
- जयप्रकाश (नाती) पुत्र गोपालराम, कुम्भासरिया (नोखा)
- ओमप्रकाश पुत्र अलसीराम, कुम्भासरिया (नोखा)
- तेजाराम पुत्र किशनाराम, कुम्भासरिया (नोखा)
- मगाराम पुत्र रूपाराम, नाथुसर (नोखा)
- गंगाराम पुत्र लिखमाराम, गोविंद नगर
थानाधिकारी जमील खान ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दस्तावेजों के सत्यापन और वृद्धा के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
India First News की अपील: बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखें और संपत्ति संबंधी कागजों पर बिना जांच अंगूठा न लगाएं।

0 Comments