Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': एक साथ 424 ठिकानों पर दबिश, 143 अपराधी गिरफ्तार; 15 हज़ारी इनामी समेत नामी बदमाश भी चढ़े हत्थे

India-1stNews



– खाकी का खौफ: 331 पुलिसकर्मियों ने तड़के शुरू किया महा-अभियान; 85 स्थायी वारंटी और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी दबोचे।

– नशे पर प्रहार: 13 किलो से ज्यादा हेरोइन और भारी मात्रा में डोडा-पोस्त जब्त; एनडीपीएस और आबकारी एक्ट में दर्जनों पर गिरी गाज।

– बड़ी कामयाबी: गजनेर पुलिस ने 15 हज़ारी इनामी को पकड़ा; देशनोक पुलिस ने हत्या के प्रयास के 3 इनामी आरोपियों को किया राउंडअप।

बीकानेर, 23 अप्रैल (गुरुवार)। बीकानेर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों में भय पैदा करने के लिए एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में बुधवार को एक विशाल 'एरिया डोमिनेशन' अभियान चलाया गया। इस ऑपरेशन के तहत जिले के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की मुस्तैदी नजर आई और शातिर अपराधियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

78 टीमें और 331 जांबाज सिपाही

​अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 331 पुलिसकर्मियों की 78 विशेष टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने जिले भर में चिन्हित किए गए 424 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई में कुल 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

देशनोक और गजनेर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक

​पुलिस ने इस अभियान में उन चेहरों को बेनकाब किया जो सालों से कानून की नजरों से बच रहे थे:

  • गजनेर: वर्ष 2022 से फरार चल रहे 15,000 रुपये के इनामी अपराधी रमेश पुत्र सुरजाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया।
  • देशनोक: हत्या के प्रयास जैसे जघन्य अपराध में फरार 2500-2500 रुपये के तीन इनामी बदमाशों को दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रह्लाद राम (54), पुरबाराम उर्फ पुराराराम (42) और मोटाराम (22) (सभी निवासी बासी) शामिल हैं। इन पर हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।

नशे के कारोबारियों पर बड़ा प्रहार

​एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 बड़े मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने 13.476 किलो हेरोइन (जिसके तार पूगल कांड से भी जुड़े हो सकते हैं), 24.980 किलो डोडा पोस्त, 775 ग्राम अफीम और गांजा बरामद किया। साथ ही 17,650 रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई। आबकारी एक्ट में भी 8 मामले दर्ज कर अवैध शराब की भट्टियों और सप्लाई पर रोक लगाई गई।

एसपी का सख्त संदेश

​एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि एरिया डोमिनेशन का मुख्य उद्देश्य अपराधों पर अंकुश लगाना और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अपराधियों के लिए बीकानेर जिले में कोई जगह नहीं है और इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562