– शातिर दिमाग: बैंक से निकाले थे 4.5 लाख रुपए; खुद ही रची साजिश और बना दी बाइक सवार बदमाशों की मनगढ़ंत कहानी।
– खाकी का खौफ: एसपी मृदुल कच्छावा की टीम ने चंद घंटों में मुनीम की 'एक्टिंग' पकड़ी; सख्ती से पूछताछ की तो उगल दिया सच।
– शत-प्रतिशत बरामदगी: पुलिस ने आरोपी मुनीम की निशानदेही पर लूटी गई पूरी राशि बरामद की; आरोपी अब सलाखों के पीछे।
बीकानेर, 10 अप्रैल (शुक्रवार)।बीकानेर की कच्ची आढ़त मंडी में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सूचना मिली कि फर्म बृजमोहन बृजवल्लभ (मालिक नटवर करनाणी) के मुनीम से बदमाशों ने लाखों रुपए लूट लिए हैं। लेकिन बीछवाल थाना पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी जांच ने इस 'नकली लूट' के ड्रामे का पटाक्षेप कर दिया है।
क्या था मामला? (मुनीम की कहानी)
मुनीम दुलाराम ने पुलिस को बताया था कि वह दुकान के एक पलदार के साथ SBI बैंक से 4.5 लाख रुपए निकालकर लौट रहा था। इसी दौरान दुकान नंबर 13 के पास बिना नंबर की बाइक पर आए दो बदमाशों ने उससे बैग छीना और फरार हो गए। इस सूचना पर मंडी व्यापारियों में भारी रोष फैल गया और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
CCTV और थ्योरी ने खोल दी पोल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार तो दिखे, लेकिन मुनीम के बयानों में बार-बार विरोधाभास नजर आने लगा। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर पुलिस ने जब मुनीम दुलाराम को हिरासत में लेकर कड़ाई से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने सारा सच उगल दिया।उसने बताया कि युवकों को हायर किया था। आरोपी करीब छह महीने पहले ही नोकरी पर लगा था।
खुद ही बना बैठा 'लुटेरा'
दुलाराम ने स्वीकार किया कि उसने नकदी हड़पने के लालच में यह पूरी साजिश रची थी। उसने खुद ही पैसे कहीं छिपा दिए और पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 4.5 लाख रुपए की पूरी राशि बरामद कर ली है।
व्यापारियों ने ली राहत की सांस
वारदात का त्वरित खुलासा होने पर मंडी व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। बीछवाल पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस साजिश में मुनीम के साथ कोई और भी शामिल था या उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उस पर धोखाधड़ी व पुलिस को गुमराह करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य दो युवकों की तलाश में जुट गई है।

0 Comments