Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर पीबीएम में सुरक्षा का 'तालिबानी' चेहरा: महिला गार्ड ने बेकसूर युवक को चोर समझकर पीटा, पुलिस जांच में खुली गलतफहमी की पोल

India-1stNews



​– खाकी और लाठी का खौफ: चेन चोरी के शक में महिला गार्ड ने युवक पर बरसाईं लाठियां; वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप।

​– निकला निर्दोष: पुलिस जांच में सामने आया—अस्पताल में परिचित से मिलने आया था युवक; मारपीट करने वाली महिला ने भी नहीं दर्ज कराई चोरी की रिपोर्ट।

​– सुरक्षा पर सवाल: बिना पुष्टि किए कानून हाथ में लेने पर उठे सवाल; किसी भी पक्ष ने थाने में नहीं दी लिखित शिकायत।

बीकानेर, 28 अप्रैल (मंगलवार)। राजस्थान के सबसे बड़े चिकित्सालय पीबीएम अस्पताल में सोमवार दोपहर सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर एक निर्दोष युवक को सरेआम अपमानित और प्रताड़ित होना पड़ा। अस्पताल परिसर में तैनात एक महिला सुरक्षा गार्ड ने केवल शक के आधार पर एक युवक को चोर मान लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार पर सवालिया निशान लग गए हैं।

चोरी की आशंका और 'ऑन द स्पॉट' इंसाफ

जानकारी के अनुसार, अस्पताल में एक महिला की चेन और 'फुलड़ा' चोरी होने का शोर मचा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक पर संदेह होने पर महिला गार्ड ने उसे दबोच लिया। महिला गार्ड ने युवक की दलीलों को अनसुना करते हुए मौके पर ही उसकी धुनाई शुरू कर दी। तमाशबीनों की भीड़ जुटी रही और कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

जांच में खुली पोल: युवक था बेकसूर

जब मामला पीबीएम पुलिस चौकी तक पहुंचा, तो हकीकत कुछ और ही निकली। चौकी प्रभारी साहबराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक बेकसूर पाया गया। वह अस्पताल में अपने किसी परिचित से मिलने आया था। केवल गलतफहमी और शक की बिना पर उसके साथ मारपीट की गई।

किसी ने नहीं दर्ज कराया मामला

सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में अजीब मोड़ तब आया जब न तो किसी महिला ने अपनी ज्वैलरी चोरी होने की कोई रिपोर्ट दी और न ही पिटाई का शिकार हुए युवक ने सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अभाव में पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है, हालांकि घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों के रवैये को लेकर चर्चाएं गर्म हैं।

Post a Comment

0 Comments