Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: मासूम बच्ची को अनाज में छिपाकर भागा हत्यारा 'मुंबई' से गिरफ्तार

India-1stNews



​– सनसनीखेज: पत्नी की हत्या कर 5 माह की बच्ची को लेकर हुआ था फरार; पकड़े जाने के डर से अनाज के बीच छिपाकर ले गया था मासूम को।

पुलिस की घेराबंदी: जयपुर, अहमदाबाद और सूरत में ठिकाने बदलने के बाद मुंबई में चढ़ा हत्थे; मोबाइल बंद कर और सिम फेंककर दे रहा था चकमा।

वारदात का खुलासा: 30 अप्रैल को कुंड में मिला था अंशु का शव; सिर पर वार कर उतारा था मौत के घाट।

बीकानेर, 6 मई (बुधवार)। बीकानेर की गजनेर थाना पुलिस ने हत्या के एक बेहद पेचीदा और सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी छोटू कुमार को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने न केवल अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की, बल्कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी 5 माह की मासूम बच्ची को ढाल बनाकर कई राज्यों की खाक छानी।

अनाज में छिपाकर ले गया मासूम बच्ची

वारदात के बाद आरोपी छोटू कुमार ने शातिराना तरीका अपनाया। वह अपनी 5 माह की बच्ची को अनाज के बीच छिपाकर मौके से फरार हो गया ताकि किसी को शक न हो। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और सिम कार्ड भी फेंक दिया। वह लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा—जयपुर, अहमदाबाद और सूरत होते हुए वह मुंबई जा छिपा, लेकिन गजनेर पुलिस की तकनीकी टीम लगातार उसका पीछा करती रही।

कुंड में मिला था महिला का शव

यह खौफनाक मामला 30 अप्रैल 2026 को सामने आया था, जब कोलायत क्षेत्र के बच्छराज बेगानी फार्म हाउस के पास एक पानी के कुंड में महिला का शव मिला। एफएसएल टीम और पुलिस की जांच में मृतका की पहचान बिहार निवासी अंशु के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि अंशु अपने पहले पति को छोड़कर छोटू कुमार के साथ मंदिर में शादी कर रह रही थी। दोनों इसी फार्म हाउस पर मजदूरी करते थे। किसी विवाद के चलते छोटू ने अंशु के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को कुंड में फेंक दिया।

पुलिस टीम की कड़ी मेहनत रंग लाई

आईजी बीकानेर रेंज और एसपी के निर्देशन में गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से आरोपी को मुंबई में ट्रेस किया और दबिश देकर उसे दस्तयाब कर लिया। मृतका के भाई सुमित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपी को रिमांड पर लिया गया है।

कार्रवाई में शामिल टीम:

इस सफल ऑपरेशन में सीआई ओमप्रकाश सुथार, एएसआई राकेश कुमार, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह और अमित कुमार की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और बच्ची की सुरक्षा व देखभाल को लेकर भी प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562