— भैरव मंदिर मार्ग पर कोहराम: कोडमदेसर रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत; पंचमुखा निवासी मिहिर जैन और घनश्याम की मौके पर ही मौत।
— पैदल चल रहे श्रद्धालु भी चपेट में आए: मिहिर के पीछे चल रहे आरती, स्नेहा, महक व राजेश गंभीर रूप से घायल; बैंक अधिकारियों ने देवदूत बनकर पहुंचाया अस्पताल।
— श्रीडूंगरगढ़ में मौतों का 'दहला': आड़सर-सरदारशहर रोड पर कार-बाइक की भिड़ंत में आसासर निवासी राजेश सांसी ने तोड़ा दम; क्षेत्र में कुछ ही दिनों में 10 लोगों ने गंवाई जान।
बीकानेर, 21 जून (रविवार)। बीकानेर जिले में रफ्तार का जानलेवा सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को जिले के नाल और श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने दो और परिवारों के चिराग बुझा दिए। इन दर्दनाक हादसों में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है।
पहला हादसा: कोडमदेसर मार्ग पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, दो की मौत
नाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोडमदेसर भैरव मंदिर मार्ग पर रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहाँ एक पेट्रोल पंप के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
- दर्शन करने जा रहा था परिवार: जानकारी के अनुसार, शहर के पंचमुखा हनुमान मंदिर के पास रहने वाले मिहिर जैन के परिवार के सदस्य पैदल ही कोडमदेसर भैरव जी के दर्शन करने जा रहे थे। 23 वर्षीय मिहिर जैन अपनी मोटरसाइकिल पर उनके पीछे-पीछे चल रहा था।
- पैदल चल रहे लोग भी आए चपेट में: इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने मिहिर की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मिहिर के आगे पैदल चल रहे परिवार के सदस्य आरती, स्नेहा, महक और राजेश भी इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
- मौके पर ही थमी सांसें: इस दर्दनाक एक्सीडेंट में मिहिर जैन (23 वर्ष) और दूसरी बाइक पर सवार घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई।
बैंक अधिकारी बने देवदूत: हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी रमाकांत शर्मा और मनोज किराडू ने इंसानियत की मिसाल पेश की। उन्होंने बिना समय गंवाए तड़प रहे चारों घायलों को अपनी निजी गाड़ी में डाला और तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर नाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है।
दूसरा हादसा: श्रीडूंगरगढ़ में कार ने बाइक को रौंदा; राजेश सांसी की मौत
सड़क हादसे की दूसरी वारदात श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे पर आड़सर गांव के पास घटित हुई। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के भीतर सड़क हादसों में यह दसवीं मौत है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इससे पहले एक कार हादसे में 7 लोगों की और फिर एक अन्य एक्सीडेंट में दो सगे भाइयों की जान जा चुकी है।
शनिवार-रविवार के दरमियान हुए इस नए हादसे में गांव आड़सर से करीब तीन किलोमीटर आगे सरदारशहर रोड पर एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार युवक राजेश सांसी (27 वर्ष), निवासी— आसासर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राजेश आड़सर गांव से अपने गांव आसासर लौट रहा था।
हादसे के बाद 'आपणो गांव सेवा समिति' की एम्बुलेंस और आड़सर गांव के युवा तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। युवक के शव को श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

0 Comments