Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

गंगाशहर: लवमैरिज कर लौट रहे नवविवाहित जोड़े पर हमले के मामले में FIR दर्ज; युवती बरामद!

India-1stNews



​— गंगाशहर पुलिस का एक्शन: धारा 307 (हत्या का प्रयास) सहित BNS की संगीन धाराओं में मामला दर्ज।

9 नामजद समेत अन्य पर केस: अनिल, मुकेश, अनिल (पुत्र सीताराम), सुनील, सुभाष, दिनेश, सीताराम, राजाराम और प्रेम बिश्नोई सहित अन्य हमलावरों पर एफआईआर दर्ज।

अपहृत मनीषा दस्तयाब: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नवविवाहिता को किया बरामद, सुरक्षा के लिहाज से नारी निकेतन में करवाया दाखिल।

कोर्ट में होंगे बयान: अब युवती को न्यायालय में पेश कर आधिकारिक बयान दर्ज करवाए जाएंगे; बयानों के आधार पर तय होगी आगे की कानूनी कार्रवाई।

ASI मदन लाल जांगिड़ को सौंपी जांच: थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक मदन लाल जांगिड़ कर रहे हैं मामले का अनुसंधान।

बीकानेर/गंगाशहर, 28 जुलाई (मंगलवार)। प्रेम विवाह करने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट से सुरक्षा का आदेश प्राप्त कर बीकानेर लौट रहे नवविवाहित जोड़े पर कथित हमले, डकैती और पत्नी के अपहरण के सनसनीखेज मामले में गंगाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपहृत युवती को बरामद कर लिया है और फिलहाल उसे नारी निकेतन में भिजवाया है।

हाईकोर्ट के सुरक्षा आदेश के बाद भी ट्रेन में हमला

​गोड़ू निवासी अधिवक्ता राकेश विश्नोई और गंगाशहर निवासी मनीषा विश्नोई ने 20 जुलाई को जोधपुर स्थित आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद परिजनों से जान का खतरा बताते हुए दोनों ने राजस्थान हाईकोर्ट में सुरक्षा की गुहार लगाई थी।

​इस पर 22 जुलाई को हाईकोर्ट ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा नवदंपती की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किए थे।

ट्रेन में मारपीट, लूटपाट और देशनोक से किडनैपिंग

​परिवादी राकेश विश्नोई के अनुसार, 24 जुलाई की रात दोनों जम्मूतवी एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सवार होकर बीकानेर पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होने आ रहे थे। आरोप है कि नोखा रेलवे स्टेशन पर 15–20 लोग जबरन ट्रेन के डिब्बे में चढ़ गए और दोनों के साथ जमकर मारपीट की।

​आरोपियों ने पीड़ित दंपत्ति से नकदी, मोबाइल फोन, विवाह प्रमाण पत्र तथा अन्य जरूरी सामान छीन लिया। इसके बाद देशनोक रेलवे स्टेशन पर दोनों को जबरन ट्रेन से नीचे उतारकर अलग-अलग स्विफ्ट कारों में बैठा लिया गया। राकेश का आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर उसे घड़सीसर रोड पर फेंक दिया गया, जबकि उसकी पत्नी मनीषा को आरोपी अपने साथ किडनैप कर ले गए।

एफआईआर दर्ज; 9 नामजद अभियुक्त 

​गंगाशहर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 126(2), 140(3), 307 (हत्या का प्रयास) एवं 189(2) के तहत केस दर्ज किया है।

​मामले में नामजद अभियुक्तों में अनिल (पुत्र जगदीश), मुकेश (पुत्र सीताराम), अनिल (पुत्र सीताराम), सुनील (पुत्र रामुराम), सुभाष (पुत्र मनफूल राम), दिनेश (पुत्र मनफूल राम), सीताराम (पुत्र मनफूल राम), राजाराम विश्नोई और प्रेम बिश्नोई शामिल हैं। ये सभी गंगाशहर निवासी हैं।

युवती बरामद, कोर्ट में दर्ज होंगे बयान!

​गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के निर्देशानुसार मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक (ASI) मदन लाल जांगिड़ को सौंपी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को दस्तयाब (बरामद) कर लिया है और उसे नारी निकेतन भिजवाया गया है।

​अब पुलिस द्वारा युवती को न्यायालय के समक्ष पेश कर उसके बयान दर्ज करवाए जाएंगे। कोर्ट में दर्ज होने वाले बयानों के आधार पर ही मामले की अग्रिम जांच और कानूनी कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments