— ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में एक्शन: एसपी मृदुल कच्छावा और एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ की उपस्थिति में अंजाम दी गई नष्टीकरण की प्रक्रिया।
— 45 मुकदमों का जब्त माल निस्तारित: जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 45 अभियोगों में जब्तशुदा अवैध नशे की सामग्री को नियमानुसार किया गया नष्ट।
— ₹13.13 करोड़ अनुमानित बाजार कीमत: 1091 किग्रा डोडा पोस्त, 50 हजार से अधिक नशीली टेबलेट्स, एमडी, स्मैक व गांजा को किया गया खाक।
— अपराध शाखा की मुस्तैदी: निरीक्षक सुभाष बिजारणियां मय अपराध शाखा टीम की देखरेख में संपन्न हुई पूरी प्रक्रिया।
बीकानेर, 31 जुलाई (शुक्रवार)। बीकानेर जिला पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 31 जुलाई को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिला पुलिस द्वारा गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों से संबंधित करोड़ों रुपये के अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण (नष्टीकरण) किया गया।
एसपी कच्छावा व अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
नष्टीकरण की यह कार्रवाई बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़, पुलिस निरीक्षक (अपराध सहायक) सुभाष बिजारणियां, उप-निरीक्षक जगदीश, एएसआई सुगनचंद, कांस्टेबल श्रवण कुमार (2024) तथा कांस्टेबल सुनील कुमार (819) (अपराध शाखा) की उपस्थिति में पूरी निष्पक्षता और नियमों के तहत संपन्न कराई गई।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों का विवरण (कुल 45 अभियोग)
पुलिस द्वारा जिलेभर के 45 प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया, जिनकी अंतरराष्ट्रीय व अनुमानित बाजार कीमत ₹13,13,86,975 (13 करोड़ 13 लाख 86 हजार 975 रुपये) आंकी गई है:
- डोडा पोस्त: 1091 किलोग्राम
- नशे की टेबलेट्स: 50,680 अदद
- एमडीएमए (MDMA): 512.25 ग्राम
- एम.डी. (MD): 285.54 ग्राम
- स्मैक: 132.64 ग्राम
- गांजा: 17.255 किलोग्राम
नशे के खिलाफ सख्त संदेश
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि थानों के मालखानों में वर्षों से लंबित व निस्तारित मुकदमों के माल को अदालत व कमेटी के नियमानुसार डिस्पोज करना अनिवार्य प्रक्रिया है। बीकानेर पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रखेगी।


0 Comments