Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने वाला हिस्ट्रीशीटर सुल्तान खां गिरफ्तार, 1 बाल अपचारी भी निरुद्ध

India-1stNews



​— पुगल रोड पर रंजिश का तांडव: खेत से लौट रहे बाबू खां और बुधराम बिश्नोई की गाड़ी पर एसयूवी (बोलेरो कैंपर) से टक्कर मारकर हत्या का प्रयास।

लाइसेंसी बंदूक दिखाकर बचाया जान: परिवादी पक्ष ने राइफल दिखाकर हमलावरों को भगाया; गाड़ी के उड़ गए परखच्चे।

हिस्ट्रीशीटर सुल्तान खां गिरफ्तार: मुक्ता प्रसाद नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर सुल्तान खां गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त बिना चेसिस नंबर की कैंपर गाड़ी, लाठी और लोहे के पाइप बरामद।

बीछवाल थाना पुलिस का एक्शन: एसपी मृदुल कच्छावा, एएसपी चक्रवर्ती सिंह और आईपीएस अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन में सीआई दिगपाल सिंह व एसआई राजकुमार ने की कार्रवाई।

बीकानेर/बीछवाल, 23 जुलाई (गुरुवार)। बीकानेर शहर के बीछवाल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर रंजिशपसंद बदमाशों द्वारा बोलेरो कैंपर गाड़ी से बार-बार टक्कर मारकर हत्या करने के सनसनीखेज प्रयास का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बीछवाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी मुक्ता प्रसाद नगर थाने के हिस्ट्रीशीटर सुल्तान खां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत किशोर (बाल अपचारी) को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भिजवाया गया है।

पुगल रोड पर जान से मारने की नीयत से मारी टक्कर; पलटने की कोशिश

​पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को परिवादी बाबू खां पुत्र मीनू खां (निवासी— फौजी डेयरी, भुट्टों का बास, बीकानेर) ने बीछवाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

​परिवादी ने बताया कि 19 जुलाई की शाम वह अपने परिचित बुधराम बिश्नोई, उनकी पत्नी, पुत्र, तीजा और महावीर के साथ बोलेरो कैंपर (नंबर: RJ-50-GA-9822) में सवार होकर भरू खीरा स्थित खेत से बीकानेर लौट रहा था। रास्ते में पुगल रोड पर पुरानी रंजिश के चलते आरोपी हिस्ट्रीशीटर सुल्तान खां पुत्र अली खां (निवासी— ख्वाजा कॉलोनी), देवीसिंह, साजिद लोदरा, निजाम अली व अन्य ने जान से मारने की नीयत से अपनी बोलेरो कैंपर से परिवादी की गाड़ी को पीछे और साइड से बार-बार जोरदार टक्कर मारी।

लाइसेंसी बंदूक दिखाई तो भागे बदमाश; गाड़ी के मिटा रखे थे चेसिस नंबर

​टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी पलटते-पलटते बची और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जब बदमाशों ने गाड़ी से उतरकर हमला करना चाहा तो गाड़ी में सवार बुधराम बिश्नोई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक दिखाकर परिवादी पक्ष का बचाव किया, जिससे डरकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

​घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सहायक पुलिस अधीक्षक (वृत्त सदर) अनुष्ठा कालिया (IPS) के सुपरविजन में बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह (निरीक्षक) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

कोर्ट से रिमांड हासिल, प्रयुक्त वाहन और हथियार जब्त

​मामले के जांच अधिकारी उप निरीक्षक (SI) राजकुमार की टीम ने त्वरित दबिश देकर हिस्ट्रीशीटर सुल्तान खां (40 वर्ष) पुत्र अली खां (निवासी— ख्वाजा कॉलोनी, थाना मुक्ता प्रसाद नगर, बीकानेर) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

​पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर गाड़ी (जिसके चेसिस नंबर मिटाए हुए हैं) तथा गाड़ी के कट्टे में छिपाकर रखी गई एक लाठी व दो लोहे के जीआई पाइप बरामद कर लिए हैं। पुलिस टीम में कांस्टेबल सुरेश कुमार, भगवानाराम और विजयपाल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments