Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर होटल में दुष्कर्म; अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल, जीरो FIR दर्ज

India-1stNews



​— फेक आईडी बनाकर रचा जाल: लड़की के नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाकर की दोस्ती; पीड़ित के फोटो एडिट कर अश्लील बनाए और ब्लैकमेल कर बुलाया नोखा।

होटल में 5-6 दिन रखकर किया दुष्कर्म: पीड़िता को कोटा से नोखा की टिकट भेजकर बुलाया; 'दाना-पानी होटल' में शराब पिलाकर दुष्कर्म व अश्लील वीडियो बनाया।

वीडियो किया वायरल और दी धमकियां: चंगुल से छूटकर घर पहुंची पीड़िता को दी जान से मारने की धमकी; आरोपी ने अश्लील वीडियो भी इंटरनेट पर किया वायरल।

बारां एसपी के सामने पेश हुई पीड़िता: बारां के कवाई थाने में दर्ज हुई जीरो नंबर एफआईआर; जांच के लिए केस नोखा थाने स्थानांतरित।

बीकानेर/नोखा, 23 जुलाई (गुरुवार)। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर झांसे में लेने और ब्लैकमेल कर युवती से दुष्कर्म करने का एक बेहद खौफनाक और शर्मनाक मामला सामने आया है। बीकानेर जिले के नोखा कस्बे के एक युवक ने बारां जिले की एक युवती को इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर अपने जाल में फंसाया और फिर ब्लैकमेल कर नोखा बुलाकर एक होटल में कई दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता के अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनेट पर भी वायरल कर दिए।

फेक आईडी से की दोस्ती, फोटो एडिट कर ब्लैकमेल कर बुलाया नोखा

​बारां निवासी पीड़ित युवती द्वारा पुलिस को सौंपी गई लिखित रिपोर्ट के अनुसार, नोखा निवासी गोविंदराम कुम्हार ने करीब 2-3 महीने पहले किसी लड़की के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और पीड़िता से जान-पहचान व बातचीत शुरू की।

​धीरे-धीरे आरोपी ने युवती के इंस्टाग्राम से उसके पर्सनल फोटो चुरा लिए और उन्हें एडिट कर अश्लील बना दिया। इसके बाद आरोपी ने उन आपत्तिजनक फोटो के दम पर युवती को ब्लैकमेल करना और धमकियां देना शुरू कर दिया। आरोपी ने जबरन कोटा से नोखा तक की बस टिकट भेजकर युवती को नोखा आने पर मजबूर किया।

दाना-पानी होटल में रखा बंधक, जबरन शराब पिलाकर किया दुष्कर्म

​रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग से डरी-सहमी पीड़िता 15 मई को नोखा पहुंची। आरोपी गोविंदराम उसे सीधे नोखा स्थित 'दाना-पानी होटल' ले गया, जहां उसने युवती को करीब 5 से 6 दिनों तक रखा।

​आरोप है कि आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे जबरन शराब पिलाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से युवती के आपत्तिजनक फोटो और अश्लील वीडियो भी शूट कर लिए। मौका पाकर 22 मई को पीड़िता किसी तरह होटल से बाहर निकली और बस में बैठकर कोटा होते हुए अपने घर बारां पहुंची।

जान से मारने की धमकियां दी, फिर वीडियो कर दिया वायरल

​घर पहुंचने के बाद भी आरोपी की दरिंदगी कम नहीं हुई। आरोपी लगातार फोन कर युवती को जान से मारने की धमकियां देने लगा और आखिरकार उसने पीड़िता के अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

​बदनामी और खौफ के माहौल के बीच पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और बारां जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के समक्ष पेश होकर अपनी आपबीती सुनाई। एसपी के निर्देश पर बारां के कवाई पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ जीरो नंबर एफआईआर (Zero FIR) दर्ज की गई। घटना स्थल नोखा होने के कारण मामले की फाइल नोखा थाने भिजवाई गई, जहां पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी गोविंदराम कुम्हार की तलाश व त्वरित अनुसंधान शुरू कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562