31 अगस्त तक नामांकन, भाजपा-कांग्रेस की अधिकृत सूची का इंतजार; AAP ने अब तक 5 वार्डों में उतारे प्रत्याशी
बीकानेर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बीकानेर में सियासी हलचल तेज हो गई है। रक्षाबंधन के अवकाश के बाद आज सुबह 10:30 बजे से नामांकन प्रक्रिया फिर शुरू हो गई। प्रत्याशी 31 अगस्त तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। ऐसे में नामांकन के अंतिम दो दिनों में दावेदारों की भीड़ और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन बढ़ने की संभावना है।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन बीकानेर नगर निगम में, नोखा में और श्रीडूंगरगढ़ में नामांकन दाखिल हुआ है। अब बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने की संभावना है।
बीकानेर में अलग-अलग निर्धारित केंद्रों पर नामांकन प्रक्रिया जारी है। रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव आयोग के कैलेंडर के अनुसार प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाजपा-कांग्रेस की सूची का इंतजार, दावेदार मैदान में
बीजेपी और कांग्रेस की ओर से अभी तक औपचारिक प्रत्याशी सूची और चुनाव सिंबल जारी नहीं हुए हैं, इसके बावजूद दोनों दलों से जुड़े कई दावेदार नामांकन दाखिल कर चुके हैं। आरएलपी के प्रत्याशी भी नामांकन के जरिए चुनावी मैदान में उतर रहे हैं।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहन सुराणा ने अपनी पत्नी मधु देवी सुराणा को वार्ड नंबर 28 से चुनाव मैदान में उतारते हुए नामांकन दाखिल कराया। वहीं भाजपा पदाधिकारी गोपाल अग्रवाल ने वार्ड नंबर 62 से स्वयं नामांकन दाखिल किया।
वार्ड नंबर 1 से चंद्रकला ने कांग्रेस की ओर से, जबकि इसी वार्ड से आरएलपी की मेहरू निशा ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड 23 से आरएलपी की सरोज देवी और वार्ड 69 से ममता सांसी ने भी नामांकन दाखिल किया।
हालांकि अधिकृत उम्मीदवारों की तस्वीर सिंबल आवंटन के बाद ही पूरी तरह साफ होगी।
भाजपा में संगठन से जुड़े नेताओं की दावेदारी चर्चा में
बीकानेर नगर निगम चुनाव में भाजपा के टिकटों को लेकर संगठन के भीतर भी चर्चाएं तेज हैं। कई पदाधिकारी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं और कुछ पदाधिकारियों के नाम दावेदारी में सामने आ चुके हैं।
इसी बीच वार्ड नंबर 47 से भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ की दावेदारी भी चर्चा में है। सुमन छाजेड़ पूर्व में पार्षद रह चुकी हैं।
ऐसे में राजनीतिक गलियारों में यह सवाल भी उठ रहा है कि जब संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी खुद टिकट की दौड़ में हैं तो चुनावी मोर्चे पर संगठन की कमान कौन संभालेगा? हालांकि अंतिम स्थिति भाजपा की अधिकृत सूची आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
आम आदमी पार्टी ने 5 वार्डों में घोषित किए प्रत्याशी
बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में आम आदमी पार्टी ने अब तक 5 प्रत्याशियों की घोषणा की है।
पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी—
- वार्ड 3 — त्रिलोक चंद
- वार्ड 10 — मंगल प्रजापत
- वार्ड 27 — एडवोकेट पवन पुरोहित
- वार्ड 36 — संतोष
- वार्ड 62 — माल सिंह पुरोहित
AAP की ओर से अब तक पांच वार्डों में प्रत्याशी घोषित किए गए हैं, जबकि भाजपा और कांग्रेस की अधिकृत सूची का इंतजार है।
1 सितंबर को संवीक्षा, 3 को नाम वापसी
नामांकन की अंतिम तारीख 31 अगस्त है।जिसमें भी 30 अगस्त को रविवार का अवकाश घोषित है। इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। प्रत्याशी 3 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे और 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
यानी अगले कुछ दिन बीकानेर नगर निगम चुनाव के लिहाज से बेहद अहम हैं। नामांकन समाप्त होने और नाम वापसी के बाद ही 80 वार्डों में चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

0 Comments