Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर विकास प्राधिकरण के नियमों की अनदेखी: गंगाशहर व्यापार नगर में अवैध निर्माण और असामाजिक तत्वों के आतंक से लोग परेशान

India-1stNews



नागरिक परिषद ने मुख्यमंत्री से लेकर जिला प्रशासन तक भेजे ज्ञापन, संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत; कार्रवाई नहीं होने का आरोप

बीकानेर, 28 अगस्त। गंगाशहर व्यापार नगर में कथित अतिक्रमण और नियम विरुद्ध निर्माण कार्यों को रोकने की मांग को लेकर गंगाशहर व्यापार नगर नागरिक परिषद ने मुख्यमंत्री, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव, उपायुक्त एवं नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भेजे हैं। परिषद के अनुसार राजस्थान सरकार के संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है।

परिषद ने आरोप लगाया है कि शिकायतों के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। परिषद ने संबंधित निर्माण कार्यों और अतिक्रमण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

रिहायशी क्षेत्र में स्कूल संचालन का आरोप

गंगाशहर व्यापार नगर के प्रमुख रमेश बिश्नोई ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण और बीकानेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों की जांच की मांग की, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।

उन्होंने बताया कि व्यापार नगर के रिहायशी इलाके में बच्चों के लिए एक स्कूल का संचालन किया जा रहा है। परिषद का आरोप है कि स्कूल में हवा, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा और अन्य अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

सैडबैक छोड़े बिना निर्माण का आरोप

परिषद के अनुसार व्यापार नगर के ए, बी एवं सी ब्लॉक में बीकानेर विकास प्राधिकरण के मानचित्र के विपरीत कथित तौर पर बिना सैडबैक छोड़े मकान एवं व्यावसायिक केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें बेसमेंट और बालकनी निर्माण का भी आरोप लगाया गया है।

परिषद का कहना है कि आवंटित भूमि पर निर्माण के दौरान नियमानुसार आगे, पीछे और साइड में सैडबैक छोड़ने का प्रावधान है। आरोप है कि इन प्रावधानों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से निर्माण होने से आसपास के निवासियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

खाली पड़े क्यूसेक बने असामाजिक तत्वों के अड्डे

रमेश बिश्नोई के अनुसार नगर विकास न्यास की ओर से व्यापार नगर में बनाए गए क्यूसेक के शटर आदि कथित तौर पर लोग उठाकर ले गए हैं। वर्तमान में खाली पड़े इन स्थानों पर नशेड़ियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के जमावड़े का आरोप लगाया गया है।

परिषद का कहना है कि इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

मंदिर और आवारा पशुओं को लेकर भी चिंता

परिषद के अनुसार क्यूसेक के पास प्राचीन हनुमानजी और शनि भगवान का मंदिर स्थित है। यहां कथित असामाजिक तत्वों की आवाजाही के कारण दर्शनार्थियों को परेशानी होने की बात कही गई है।

इसके अलावा क्षेत्र में आवारा पशुओं के जमावड़े की समस्या भी बताई गई है। परिषद का कहना है कि आवारा पशुओं के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।

नागरिक परिषद ने प्रशासन से व्यापार नगर में कथित अतिक्रमण और नियम विरुद्ध निर्माण की जांच करवाकर कार्रवाई करने तथा खाली पड़े क्यूसेक, यातायात, सुरक्षा और आवारा पशुओं जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562