— चौथे दिन समाप्त हुआ अनशन: एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में चल रहा आमरण अनशन डॉक्टरों की सलाह के बाद जूस पिलाकरवाया गया समाप्त।
— अस्पताल में भर्ती छात्रनेता: अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर श्रीकृष्ण गोदारा, अभिमन्यु जाखड़, रामनिवास चौधरी और सोनू जोशी को कराया गया था अस्पताल में भर्ती।
— नेताओं का समर्थन: नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी और कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने अस्पताल पहुंचकर बंधाया ढांढस, विधानसभा में मांग उठाने का दिया भरोसा।
बीकानेर, 17 अगस्त: छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में चल रहा आमरण अनशन चौथे दिन समाप्त हो गया है। अनशन के दौरान श्रीकृष्ण गोदारा और उनके साथियों—अभिमन्यु जाखड़, रामनिवास चौधरी और सोनू जोशी की तबीयत अत्यधिक बिगड़ जाने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। अस्पताल में भी छात्रनेता लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए अनशन पर डटे रहे।
देर रात्रि को स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी और कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने डॉक्टरों की सलाह पर चारों छात्रनेताओं को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त करवाया। हालांकि, स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण चारों छात्रनेता अभी भी अस्पताल में ही भर्ती हैं।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने राज्य सरकार पर छात्रों की मांगों को लेकर हठधर्मिता बरतने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को उचित मंच पर पूरी ताकत से उठाया जाएगा।
नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव की बहाली छात्रों की एक न्यायसंगत और लोकतांत्रिक मांग है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मांग को विधानसभा के पटल पर मजबूती से रखा जाएगा और सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी की जाएगी ताकि छात्रों को उनका अधिकार मिल सके।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, प्रदेश महासचिव डॉ. राजेंद्र मूँड़, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सत्तू खान, संगठन महासचिव रमजान कच्छावा, राजेश गोदारा, गिरधारी कुकणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments