Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: 51 लाख रुपये के बैंक कैश वैन लूट कांड का पर्दाफाश; कैश कंपनी के कर्मचारियों ने ही रची थी साजिश, 2 अरेस्ट

India-1stNews


​— कर्मचारी ने साथियों संग रची थी लूट की साजिश: नोखा के एटीएम में कैश लोड करने के बजाय जानबूझकर सारुंडा रोड की तरफ ले गया था वैन।

— नोखा व स्वरूपदेसर के दो आरोपी अरेस्ट: चरकड़ा (हाल नोखा) निवासी विक्रम सिंह बिश्नोई/कट्टोड़िया और स्वरूपदेसर निवासी श्याम सुंदर को पुलिस ने दबोचा।

— 5 अगस्त को हुई थी दुस्साहसिक वारदात: सीएमएस इंफो सिस्टम्स (CMS) की कैश वैन को बिना नंबरी कैंपर गाड़ी से रुकवाकर पिस्टल की नोक पर लूटे थे ₹51 लाख।



— एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में बड़ी सफलता: पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़, नोखा सीआई गोविंद सिंह चारण, जसरासर सीआई राकेश स्वामी व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई।

​बीकानेर, 10 अगस्त। बीकानेर जिले के नोखा-पांचू क्षेत्र में गत 5 अगस्त को एक बैंक की एटीएम कैश वैन से पिस्टल की नोक पर हुई 51 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले का पांचू थाना पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस बड़ी वारदात की पूरी पटकथा कैश मैनेजमेंट कंपनी के अंदरूनी कर्मचारी ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लिखी थी।

​पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता कर्मचारी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

​कर्मचारी ने ही रची थी 51 लाख लूटने की पटकथा

​मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को 'सीएमएस इंफो सिस्टम्स लिमिटेड' (CMS Info Systems) के ब्रांच मैनेजर आदित्य रावत ने पांचू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की टीम बैंक से नकदी लेकर एटीएम में कैश लोड करने निकली थी।

​सारुंडा रोड पर पहुंचने से पहले पीछे से आई एक बिना नंबरी पिकअप/कैंपर गाड़ी में सवार 2-3 युवकों ने वैन रुकवाई और चालक पर पिस्टल तानकर 51 लाख रुपये से भरा कैश बॉक्स लूटकर फरार हो गए।

​एटीएम में कैश लोड करने के बजाय सारुंडा रोड ले गया था वैन

​बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश व एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार, एएसपी (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा व सीओ नोखा जरनैल सिंह के सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।

​तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी जांच में कैश वैन में तैनात कर्मचारी विक्रम सिंह कट्टोड़िया की भूमिका संदिग्ध पाई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर सामने आया कि विक्रम सिंह ने ही अपने साथी श्याम सुंदर व अन्य बदमाशों के साथ मिलकर इस लूट को अंजाम दिलाया था। योजना के मुताबिक, नकदी नोखा के एटीएम में लोड की जानी थी, लेकिन विक्रम सिंह जानबूझकर वैन को सुनसान सारुंडा मार्ग पर ले गया, जहां पहले से मौजूद उसके साथियों ने पिस्टल दिखाकर लूट का ड्रामा रचा।

​दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई रकम बरामदगी के प्रयास तेज

​पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों— विक्रम सिंह (23 वर्ष, निवासी— चरकड़ा, हाल निवासी— बाबा छोटूनाथ कॉलोनी, नोखा) तथा श्याम सुंदर (20 वर्ष, निवासी— स्वरूपदेसर) को गिरफ्तार कर लिया है।

​आरोपियों से लूटी गई 51 लाख रुपये की पूरी रकम, वारदात में प्रयुक्त हथियार (पिस्टल) तथा अन्य फरार साथियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। इस सफल पर्दाफाश में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़, नोखा थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण, जसरासर थानाधिकारी राकेश स्वामी, एएसआई दीपक यादव के नेतृत्व वाली जिला साइबर/डीएसटी (DST) टीम तथा पांचू थाने के पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement