Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: भाजपा कार्यालय में हंगामा; विधायक जेठानंद व्यास पर लगे गंभीर आरोप, नेताओं की तकरार के बीच चला बुलडोजर

India-1stNews



​— निकाय चुनाव बैठक में हाईवोल्टेज ड्रामा: आगामी निकाय व पंचायत चुनाव की रणनीति बना रही बीजेपी की बैठक में अचानक पहुंचा युवक; नेताओं के सामने खोला मोर्चा।

विधायक पर राजनीतिक द्वेषता का आरोप: उस्ता बारी के बाहर निवासी राजा आचार्य का आरोप— विधायक जेठानंद व्यास के इशारे पर बीडीए तहसीलदार बिना नोटिस मकान तोड़ने पहुंचीं।

नेताओं में तकरार: प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई के कलेक्टर को फोन करने पर बिफरे विधायक व्यास; बोले— "बिहारी कौन होते हैं मेरी विधानसभा में पंचायती करने वाले!"

प्रशासन ने चलाया बुलडोजर: कलेक्टर के निर्देश पर पहली बार बैरंग लौटीं बीडीए तहसीलदार आकांक्षा गोदारा ने दोबारा पहुंचकर ध्वस्त किया निर्माण।

बीकानेर, 06 अगस्त। एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी आगामी निकाय, नगरपालिका, पंचायत व परिषद चुनावों में भगवा फहराने के लिए रणनीतिक बैठकों का आयोजन कर रही है, वहीं दूसरी तरफ गुरुवार को बीकानेर भाजपा शहर कार्यालय में जोरदार हंगामा और हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

​पार्टी के जिला प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम ने संगठन और स्थानीय विधायक के बीच खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है।

बिना नोटिस कार्रवाई से नाराज युवक पहुंचा भाजपा दफ्तर

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस्ता बारी के बाहर के निवासी राजा आचार्य नाम का युवक अचानक भाजपा कार्यालय पहुंचा। उस समय कार्यालय में चुनाव प्रभारी मुकेश दाधीच और प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे।

​राजा आचार्य ने नेताओं के सामने आक्रोश जताते हुए बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) की तहसीलदार आकांक्षा गोदारा पर तानाशाही का आरोप लगाया। युवक का कहना था कि विधायक जेठानंद व्यास राजनीतिक द्वेषता के चलते उसका मकान तुड़वाना चाहते हैं, जबकि बीडीए की ओर से न तो उसे और न ही क्षेत्र के किसी अन्य व्यक्ति को कोई नोटिस दिया गया। पीड़ित युवक ने दफ्तर में ही धरने पर बैठने की चेतावनी दे दी।

बिहारीलाल बिश्नोई ने कलेक्टर को किया फोन, विधायक बोले— "वे कौन होते हैं पंचायती करने वाले"

​मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई ने तत्काल जिला कलेक्टर निशांत जैन से फोन पर वार्ता की और प्रशासनिक कार्रवाई रुकवाने को कहा। कलेक्टर के निर्देश पर पहली बार तो बीडीए तहसीलदार टीम के साथ बैरंग लौट आईं।

​लेकिन, जैसे ही इस बात की भनक स्थानीय विधायक जेठानंद व्यास को लगी, उन्होंने तुरंत जिला कलेक्टर को फोन घुमाया। सूत्रों के अनुसार, विधायक ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कलेक्टर से कहा कि बिहारीलाल बिश्नोई उनकी विधानसभा क्षेत्र में पंचायती करने वाले कौन होते हैं! विधायक के रुख के बाद कलेक्टर ने दोबारा फोन पर असमर्थता जताई।

आखरी में चला बुलडोजर, निर्माण हुआ ध्वस्त

​जब पीड़ित राजा आचार्य दोबारा अपनी शिकायत लेकर पार्टी दफ्तर पहुंचा और प्रदेश उपाध्यक्ष ने कलेक्टर से बात की, तो प्रशासनिक तंत्र विधायक के दबाव के आगे बेबस नजर आया। आखिरकार बीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना नोटिस की बात कहे जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर की राजनीति गर्मा गई है।

Post a Comment

0 Comments