— अपहरण और मारपीट: बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ लोहे की कुल्हाड़ी और लाठी-भाटों से बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है।
— बदले की भावना से हमला: पीड़ित यशवंत शर्मा ने आरोप लगाया कि उसने पुलिस को सूचना देकर अभिषेक चौधरी को एमडी (नशीले पदार्थ) के मामले में गिरफ्तार करवाया था, इसी रंजिश के चलते उस पर यह कातिलाना हमला किया गया।
— छेड़खानी और झूठे मुकदमे की धमकी: आरोपियों ने पीड़ित के कपड़े फाड़ दिए और युवतियों द्वारा झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही गले की सोने की चेन, मोबाइल, पर्स और 20 हजार रुपये नकद लूट लिए गए।
— पुलिस की त्वरित कार्रवाई: घटना के दौरान गश्त कर रहे पुलिस वाहन को देखकर आरोपी भागने लगे, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बीकानेर, 21 अगस्त 2026। बीकानेर जिले के गंगाशहर थाना क्षेत्र में संगठित अपराध और नशा तस्करों की दबंगई का एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपियों ने मुखबिरी के शक में एक युवक का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया और उसे सूनी जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूट, मारपीट और एससी-एसटी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, सुजानदेसर स्थित गंगा रेजिडेंसी निवासी 27 वर्षीय यशवंत शर्मा उर्फ यशवंत वर्मा ने बताया कि 19 अगस्त की दोपहर करीब 2:45 बजे वह गणेश धोरा स्थित गणेश मंदिर से दर्शन कर अपनी बाइक से लौट रहा था। तभी रास्ते में चार-पांच युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसे बाइक से नीचे गिराया और मारपीट करते हुए जबरन उठाकर रामदेव नगर स्थित गौचर भूमि की तरफ ले गए।
वहां पहले से ही 5-7 अन्य लोग मौजूद थे, जिन्होंने उसके साथ मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपियों ने साफ कहा कि तूने ही पुलिस को सूचना देकर अभिषेक चौधरी को एमडी (ड्रग्स) के मामले में पकड़वाया है, और इसी बात का बदला लेने के लिए उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
माया देवी और युवतियों की धमकी, कुल्हाड़ी से वार
कुछ देर बाद वहां मुख्य आरोपी अभिषेक चौधरी की मां माया देवी, उसकी दो बेटियां और प्रभुराम भी पहुंच गए। आरोप है कि माया देवी ने आते ही यशवंत के साथ मारपीट शुरू कर दी और अन्य लोगों को उसे जान से खत्म करने के लिए उकसाया। इस दौरान प्रभुराम के हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी को लेकर माया देवी ने पीड़ित के कंधे पर वार किया। वहीं, वहां मौजूद युवतियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और पुलिस में झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
लूटपाट और पुलिस की एंट्री
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन, मोबाइल फोन, पर्स (जिसमें करीब 20 हजार रुपये नकद, वाहन की आरसी, एटीएम, आधार और पैन कार्ड रखे थे) जबरन छीन लिए। तभी वहां से गुजर रहे एक पुलिस वाहन को देखकर आरोपी घबरा गए और गौचर भूमि की ओर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए मौके पर ही तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि बाकी अन्य फरार होने में कामयाब हो गए।
पीड़ित ने यह भी बताया कि पिछले तीन दिनों से उसे लगातार अलग-अलग नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इस मामले में रामस्वरूप, मुलाराम, माया देवी, प्रभुराम, मनोज बिश्नोई, राकेश सोनी, राकेश जाट, रामा सिद्ध, मनोज पलाना, माया देवी की दो बेटियों सहित 5-7 अन्य लोगों को नामजद किया गया है। गंगाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान उपनिरीक्षक अशोक कुमार को सौंप दिया है।

0 Comments